Madhya Pradesh

धार : लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने किया 18.26 करोड़ के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन

Bhumi Pujan

धार, 27 नवंबर (Udaipur Kiran) मध्‍य प्रदेश के धार जिले में उच्च शिक्षा से जुड़ी अधोसंरचना को मजबूत बनाने की दिशा में गुरूवार को एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मंत्री राकेश सिंह ने भवन विकास निगम (लो.नि.वि.) द्वारा उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत ₹18.26 करोड़ की लागत से होने वाले निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। यह कार्यक्रम पीजी कॉलेज के ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया, जहाँ केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर और विधायक नीना वर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

समारोह को संबोधित करते हुए पीडब्ल्यूडी मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि धार संस्कृति और सभ्यता का अनूठा संगम है। उन्होंने कहा कि राजा भोज ने जिस भारतीय संस्कृति और मूल्यों के अनुरूप विकास की नींव रखी थी, उसकी झलक आज भी प्रदेश के विकास में दिखाई देती है। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश सरकार ने इस विरासत को सम्मान देते हुए उत्कृष्ठ पुरस्कार का नाम राजा भोज के नाम पर रखा है।

पीडब्ल्यूडी मंत्री ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच विजनरी है और देश ने उनके विकासवादी दृष्टिकोण को स्वीकार किया है। उन्होंने कहा कि यह आमजन द्वारा जनप्रतिनिधियों के कार्य के मूल्यांकन का समय है और सरकार इस कसौटी पर खरी उतरने का प्रयास कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि छात्रों को बेहतर अधोसंरचना उपलब्ध कराना मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की प्राथमिकता है। विभाग का ध्येय वाक्य ‘लोक निर्माण से लोक कल्याण’ इसी सोच को दर्शाता है।

पर्यावरण संरक्षण के प्रति विभाग की प्रतिबद्धता पर जोर देते हुए मंत्री ने कहा कि विकास कार्यों से हुए पर्यावरणीय नुकसान की भरपाई के लिए व्यवस्था बनाई गई है। सड़क किनारे के पेड़ों की शिफ्टिंग, रिचार्ज बोर निर्माण और एक ही स्थान की मिट्टी से कार्य कराने जैसी व्यवस्थाएँ लागू की गई हैं। उन्होंने बताया कि मिट्टी की खोदाई स्थल पर सरोवर निर्माण बनाने को भी एसओआर में जोड़ा गया है और प्रदेश में अब तक पाँच सौ से अधिक सरोवर बनाए जा चुके हैं।

मंत्री राकेश सिंह ने छात्रों से आग्रह किया कि वे अपनी जिज्ञासा को जीवित रखें, क्योंकि सार्थक चर्चा और प्रश्न ही नए अनुसंधान और परिणाममूलक विकास की राह खोलते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस दिशा में आगे बढ़कर प्रदेश अपनी विकास यात्रा को और गति देगा।

केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में पीडब्ल्यूडी विभाग की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि धार को पहले ही पीएम मित्र पार्क जैसी बड़ी सौगात मिल चुकी है, जिससे जिले में औद्योगिक विकास की नई संभावनाएँ खुली हैं। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों को विस्तार से गिनाया।

विधायक नीना वर्मा ने इस अवसर पर पीडब्ल्यूडी मंत्री से घाटबिल्लोद ब्रिज के नवनिर्माण की माँग भी रखी। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष सरदारसिंह मेढ़ा, पूर्व मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव, भाजपा जिला अध्यक्ष द्वय नीलेश भारती व चंचल पाटीदार, सहित जनप्रतिनिधि, कॉलेज स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित थे।

(Udaipur Kiran) / Gyanendra Tripathi