
बांदा, 26 नवम्बर (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में पैलानी तहसील के सिंधनकला क्षेत्र में बुधवार को लंबे समय से प्रतीक्षित तुर्री नाला दीर्घ सेतु पुल के निर्माण का शुभारम्भ हो गया। जल शक्ति राज्य मंत्री रामकेश निषाद ने विधिवत भूमि पूजन व शिलान्यास कर इस महत्वपूर्ण परियोजना का श्रीगणेश किया। उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम द्वारा 1584.97 लाख रुपये की लागत से 120.68 मीटर लंबे इस पुल का निर्माण कराया जाएगा।
तुर्री नाला पर दीर्घ सेतु पुल बनने से सिंधनकला, गुरगवां, सिंधन खुर्द, पंडवन डेरा, तगड़ा डेरा, बैसन डेरा, लसड़ा, बसधरी, अदरी, हरवंश पुरवा, पचकौरी समेत आधा दर्जन से अधिक गांवों के हजारों लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। अब तक केन नदी की बाढ़ का पानी पुलिया पर चढ़ जाने से इन गांवों का आवागमन कई दिनों तक ठप हो जाता था।
स्थानीय ग्रामीणों ने मंत्री का जोरदार स्वागत किया। दिनेश सिंह, प्रधान प्रतिनिधि लसड़ा संजय सिंह चंदेल, अदरी प्रधान उजैर खां, मैय्यादीन सिंह, प्रधान प्रतिनिधि सिंधनकला छेदीलाल सहित अन्य लोगों ने पुष्पमालाओं व मुकुट पहनाकर उनका अभिनंदन किया।
अपने सम्बोधन में मंत्री रामकेश निषाद ने कहा कि 70 वर्षों बाद क्षेत्र को यह बड़ी सौगात मिल रही है। पुल तैयार होने के बाद आवागमन सुगम होगा, बाढ़ के दौरान बच्चों की पढ़ाई बाधित नहीं होगी और स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ने वाला असर भी समाप्त होगा।
उन्होंने बताया कि सिंधनकला में प्रदेश के 11 आवासीय मॉडल विद्यालयों में से एक मुख्यमंत्री मॉडल आवासीय इंटर कॉलेज भी बन रहा है। साथ ही उनके द्वारा भेजे गए 11 प्रस्तावों में से आधा दर्जन प्रस्ताव धार्मिक स्थलों पर सड़क निर्माण के लिए मंजूर किए गए हैं।
मंत्री ने कहा कि 127 करोड़ रुपये की भौंरा डाडा परियोजना से नरायढ, बुधेड़ा सहित अन्य गांवों के किसानों को माइनर के माध्यम से सिंचाई सुविधा मिलेगी।24 करोड़ रुपये की लागत से पैलानी में बनने वाले बैराज को भी मंजूरी मिल चुकी है। भूरागढ़ में बैराज निर्माण स्वीकृत होने से सिंचाई संसाधनों में बड़ी बढ़ोत्तरी होगी।
शिलान्यास कार्यक्रम में सेतु निगम के अधिशासी अभियंता सी.पी. दिवाकर, एई पंकज आनंद, जेई देवमणि, 1008 नरोत्तम दास महाराज, शासकीय अधिवक्ता राम सुफल सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष राजबहादुर सिंह, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि जसपुरा महेश निषाद, पूर्व मंडल अध्यक्ष अमित निगम सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन मंडल अध्यक्ष जसपुरा साहिब सिंह ने किया।
—————
(Udaipur Kiran) / अनिल सिंह