Madhya Pradesh

मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय में संविधान दिवस उत्साह एवं श्रद्धा के साथ मनाया गया

मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय में संविधान दिवस उत्साह एवं श्रद्धा के साथ मनाया गया

जबलपुर, 26 नवंबर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय, जबलपुर के साउथ ब्लॉक हॉल में बुधवार को संविधान दिवस बड़े आदर एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के माननीय मुख्य न्यायाधीश संजीव सचदेवा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में प्रशासनिक न्यायाधीश न्यायमूर्ति विवेक रूसिया, न्यायमूर्ति विवेक अग्रवाल सहित अन्य न्यायाधीशगण, राज्य विधि परिषद के अध्यक्ष राधेलाल गुप्ता, हाई कोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष धन्यकुमार जैन, हाई कोर्ट एडवोकेट्स बार एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय अग्रवाल, सीनियर एडवोकेट्स काउंसिल के उपाध्यक्ष आदित्य अधिकारी, भारत सरकार के उप सॉलिसिटर जनरल सुयश मोहन गुरु तथा अन्य विशिष्टजन उपस्थित थे।

अपने मुख्य उद्बोधन में मुख्य न्यायाधीश ने प्रस्तावना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा जब हम ‘हम भारत के लोग’ पढ़ते हैं, तो यह स्मरण होता है कि सम्प्रभुता जनता से ही आती है। संविधान जनता के लिए, जनता द्वारा और जनता का बनाया गया है। हमारा सामूहिक दायित्व है कि हम इसे हर नागरिक के और निकट लाएँ, इसका संदेश हर घर, हर गाँव और हर हृदय तक पहुँचाएँ। इस अवसर पर रजिस्ट्रार जनरल धर्मेंद्र सिंह, रजिस्ट्री के अधिकारी, जबलपुर के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश कृष्णमूर्ति मिश्रा तथा राज्य न्यायिक अकादमी के निदेशक उमेश पंडव एवं संकाय सदस्य भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम ने पुनः यह संकल्प दृढ़ किया कि हम संवैधानिक मूल्यों की रक्षा करते हुए संवैधानिक साक्षरता को और अधिक सशक्त बनाएँगे। उत्सव में भारतीय लोकतंत्र में संविधान की महत्ता तथा इसकी सुरक्षा में न्यायपालिका की भूमिका को रेखांकित किया गया। इसी प्रकार संविधान दिवस के कार्यक्रम उच्च न्यायालय की ग्वालियर एवं इंदौर खंडपीठों तथा प्रदेश के सभी जिला न्यायालयों में भी आयोजित किए गए, जिनका उद्देश्य नागरिकों में संवैधानिक जागरूकता और मूल्यों का प्रसार करना रहा।

—————

(Udaipur Kiran) / विलोक पाठक