
—प्रदेश के आयुष मंत्री ने भी की भागीदारी
वाराणसी,25 नवम्बर (Udaipur Kiran) । वंदे मातरम गीत की 150वीं जयंती पर उत्तर प्रदेश के वाराणसी में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वैचारिक संगठन हिमालय परिवार, काशी प्रांत की ओर से मंगलवार को तिरंगा पदयात्रा निकाली गई। इसमें संगठन के कार्यकर्ताओं के साथ प्रदेश के आयुष मंत्री डॉ दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने भी पूरे उत्साह से भागीदारी की।
पदयात्रा बीएचयू के लंका स्थित सिंहद्यार से काली माता मंदिर,पद्मश्री चौराहा होते हुए अस्सी घाट पहुंचकर समाप्त ली। पदयात्रा में पूरे राह कार्यकर्ता तिरंगा लहराते हुए चल रहे थे। संगठन के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रो.शशिकांत मिश्रा एवं क्षेत्रीय महामंत्री मुकेश पांडेय के अनुसार संगठन के सरंक्षक आरएसएस के अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य डॉ इंद्रेश कुमार के निर्देश पर हिमालय परिवार काशी क्षेत्र ने यह आयोजन किया। इसमें संगठन के काशी प्रांत प्रभारी शैलेश अस्थाना,अविनाश उपाध्याय (काशी प्रांत अध्यक्ष),रजनीश पाण्डेय,प्रांत उपाध्यक्ष (काशी प्रांत) आदि की विशेष उपस्थिति रही। पदयात्रा की शुरूआत भारत रत्न महामना पंडित मदन मोहन मालवीय की विशाल मूर्ति पर माल्यार्पण के साथ हुई।
—————
(Udaipur Kiran) / श्रीधर त्रिपाठी