Madhya Pradesh

उज्जैनः अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव में शामिल होंगे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव में शामिल होंगे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

उज्जैन, 24 नवंबर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के उज्जैन शहर के दशहरा मैदान में अन्तरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का तीन दिनी आयोजन 1 से 3 दिसंबर तक होगा। शुभारंभ समारोह के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव होंगे। गीता प्रेमी श्रीकृष्ण परंपरा के आचार्यों की सन्निधि में श्रीमद्भगवत् गीता के 15 वें अध्याय का सस्वर पाठ करेंगे।

कलेक्टर रौशनकुमार सिंह ने सोमवार को बताया कि तीन दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव का शुभारंभ 1 दिसंबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में प्रात: 9 बजे होगा। इसी दिन शाम 7 बजे से मुंबई निवासी पुनीत इस्सर के निर्देशन में जय श्रीकृष्णा- गीता सार नृत्य नाट्य की प्रस्तुति होगी। इसीप्रकार 2 दिसंबर को शाम 7 बजे से नई दिल्ली निवासी वैष्णवी शर्मा के द्वारा विराटजयी काव्य प्रस्तुति एवं मुंबई निवासी मोहित शेवानी कृष्णायन की प्रस्तुति देंगे। समापन दिवस पर 3 दिसंबर को शाम 7 बजे से उमेश तरकसवार के निर्देशन एवं डॉ. वीनस तरकसवार की परिकल्पना तथा आलेखन में श्वेता देवेन्द्र द्वारा भरतनाट्यम, क्षमा मालवीय द्वारा कथक, कविता शाजी द्वारा मोहिनीअट्टम की विश्ववंदनीय प्रस्तुतियां होगी। इसीप्रकार बैंगलुरू निवासी डॉ. सलाउद्दीन पाशा के निर्देशन में गीता ऑन व्हील्स की प्रस्तुति होगी। कार्यक्रम स्थल पर माधव दर्शनम् की लघुचित्र शैली में प्रदर्शनी लगाई जाएगी।

—————

(Udaipur Kiran) / ललित ज्‍वेल