
जोधपुर, 24 नवम्बर (Udaipur Kiran) । युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय, मेरा युवा भारत के माध्यम से विकसित भारत पद यात्राएं आयोजित कर रहा है। इस पहल का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रीय गौरव जगाना, समाज के प्रति जिम्मेदारी बढ़ाना और एकता की भावना को मजबूत करना है। यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन भागीदारी से राष्ट्र निर्माण के विजन से प्रेरित है। इसमें युवा से लेकर वरिष्ठ नागरिक तक सभी मिलकर देश के इतिहास को याद करते हैं और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाते हैं। खासकर अमृत पीढ़ी यानी आज के युवाओं की भूमिका पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। यह जानकारी राज्यसभा सांसद राजेन्द्र गहलोत ने प्रेस वार्ता के दौरान दी।
सांसद राजेन्द्र गहलोत ने बताया कि इसी पहल के तहत, 6 अक्टूबर को मंत्रालय ने सरदार 150 यूनिटी मार्च की शुरुआत की। यह भारत सरकार और माय भारत की पहल है, जो लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती को समर्पित है।
इस राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में एकता, देशभक्ति और कर्तव्य भावना को जागृत करना है। सरदार पटेल ने जिस तरह बिखरे हुए भारत को एक भारत बनाया, उसी भावना को यह पदयात्रा आगे बढ़ाएगी। इस अभियान के जरिए युवाओं को एक भारत और आत्मनिर्भर भारत के आदर्श अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अभियान के चरण में जिला स्तरीय पदयात्राएं 31 अक्टूबर- 25 नवंबर तक आयोजित की जा रही है। जिसमें हर संसदीय क्षेत्र के सभी जिलों में पदयात्रा होगी।
कल जोधपुर में पावटा से रवाना होगी पद यात्रा :
सांसद राजेंद्र गहलोत ने बताया कि जोधपुर की पदयात्रा 25 नवंबर 2025 को होगी। पदयात्रा पावटा चौराहे से प्रारंभ होगी। पदयात्रा से पहले स्थानीय लोगों, स्कूल, कॉलेजों में अलग-अलग प्री ईवेंट गतिविधियां, निबंध प्रतियोगिता, वाद-विवाद प्रतियोगिता, सरदार पटेल के जीवन पर संगोष्ठी, नुक्कड़ नाटक का आयोजन करवाया जाएगा। इसके साथ ही युवाओं के बीच नशामुक्त भारत शपथ, गर्व से स्वदेशी संकल्प भी दिलवाए जाएंगे।
पदयात्रा के दौरान सरदार पटेल की प्रतिमा/चित्र पर पुष्पांजलि, आत्मनिर्भर भारत शपथ, नशामुक्ति संकल्प, सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रमाणपत्र वितरण होगा। राज्य और केंद्रशासित प्रदेशों के सांसद,विधायक, स्थानीय प्रशासन, माय भारत और एनसीसी अधिकारी इन यात्राओं का नेतृत्व करेंगे।
राष्ट्रीय पद यात्रा 26 से 6 दिसंबर तक :
राष्ट्रीय पदयात्रा 26 नवंबर – 6 दिसंबर 2025 तक आयोजित की जाएगी, जिसमें 152 किमी की पदयात्रा करमसद से स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, केवडिय़ा तक निकाली जाएगी। रास्ते के गाँवों में सामाजिक विकास कार्यक्रम होंगे, जिनमें माय भारत, एनएसएस के स्वयंसेवक, एनसीसी कैडेट्स और युवा लीडर भाग लेंगे।
150 पड़ावों पर सरदार पटेल के जीवन पर विकसित भारत की प्रदर्शनी और भारत की विविध संस्कृति का उत्सव मनाया जाएगा। हर शाम से सरदार गाथा होगी, जिसमें पटेल के जीवन और योगदान की कहानियां सुनाएँगे।
प्रेस वार्ता में माय भारत के उपनिदेशक राजेश चौधरी, पत्र सूचना कार्यालय के मीडिया एवं संचार अधिकारी आशीष वर्मा मौजूद रहे।
(Udaipur Kiran) / सतीश