मुंबई, 22 नवंबर (Udaipur Kiran) । महाराष्ट्र की 246 नगर परिषदों और 42 नगर पंचायतों का चुनावी प्रछार शुरु हो गया है। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शनिवार को पालघर में धुआंधार प्रचार किया। उन्होंने कहा विकास और विचारधारा ही शिवसेना का एजेंडा है। हमारी पार्टी इन्हीं दो एजेंडों पर आगे बढ़ रही है।
उपमुख्यमंत्री शिंदे ने पालघर जिले से अपने प्रचार की शुरुआत की। पालघर, डहाणू, जव्हार और वाडा में उन्होंने जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पालघर एक पिछड़ा जिला होने के बावजूद, इसके स्वरूप को बदलने वाले बड़े प्रोजेक्ट सरकार ने इस जिले को दिए हैं। किसानों, मछुआरों और आदिवासी भाइयों की समस्याएं हल करके जिले का समग्र विकास करेंगे। जिंदाल जेट्टी प्रोजेक्ट के मामले में स्थानीय लोगों पर अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। पालघर जिले के लोगों के साथ अन्याय करने वाले किसी भी प्रोजेक्ट को मंजूरी नहीं दी जाएगी। हम जनता पर दबाव डालकर विकास नहीं करेंगे.
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में राज्य का सर्वांगीण विकास किया गया और लोकहित की कई कल्याणकारी योजनाएं लागू की गई हैं। मुख्यमंत्री ‘मेरी लाडली बहन योजना’ लागू करते समय कई बाधाएं आईं, लेकिन फिर भी यह योजना शुरू की गई। यह योजना आगे भी चलती रहेगी। जिन लोगों ने सत्ता के लिए विचारधारा त्याग दी और विकास का विरोध किया, उनकी स्थिति आज क्या है। महाराष्ट्र इसे देख रहा है।
—————
(Udaipur Kiran) / वी कुमार