Chhattisgarh

आनलाइन टोकन से बढ़ी सुविधा, धान खरीद में मिली रफ्तार

टीकाराम साहू।

धमतरी, 22 नवंबर (Udaipur Kiran) । समर्थन मूल्य पर धान खरीद के दौरान इस वर्ष धमतरी जिले में तकनीकी नवाचारों और प्रशासनिक सुगमता का सकारात्मक असर स्पष्ट नजर आने लगा है। खरीद प्रक्रिया न केवल पारदर्शी और सुव्यवस्थित हुई है, बल्कि किसानों के समय और मेहनत की भी बड़ी बचत हो रही है। इसी परिवर्तन का प्रेरक उदाहरण बने हैं कुरुद विकासखंड के ग्राम गातापार के प्रगतिशील किसान टीकाराम साहू हैं।

टीकाराम साहू ने सेवा सहकारी समिति कोड़ेबोड़ में पहुंचकर 144 क्विंटल धान का विक्रय किया। उन्होंने बताया कि इस वर्ष व्यवस्था में आया सबसे बड़ा और सुविधाजनक बदलाव टोकन तुम्हार द्वार मोबाइल ऐप है। इस आनलाइन सुविधा ने किसानों को भीड़, लंबी कतारों और घंटों की प्रतीक्षा से पूर्ण रूप से राहत दिलाई है। उन्होंने आसानी से आनलाइन टोकन बुक किया और निर्धारित समय पर खरीद केंद्र पहुंचकर बेहद सहज तरीके से अपना धान बेच दिया। साहू ने इस वर्ष चार हेक्टेयर भूमि में धान की खेती की। उन्नत कृषि तकनीकों, समय पर सिंचाई और आधुनिक यंत्रों के उपयोग से उन्हें बेहतर उत्पादन प्राप्त हुआ। वे बताते हैं कि पिछले वर्ष खरीदा गया जान डियर ट्रैक्टर खेती-किसानी में उनके लिए वरदान साबित हुआ है, चाहे जुताई हो, समतलीकरण, कटाई या परिवहन, अब हर कार्य तेज, सटीक और कम लागत में पूरा हो जाता है। धान विक्रय से प्राप्त राशि का उपयोग वे कृषि ऋण भुगतान, अगली फसल के लिए खाद–बीज खरीद तथा खेती के अन्य आवश्यक कार्यों में करेंगे। इसके साथ ही वे अपने दोनों पुत्रों का विवाह इसी वर्ष करने की तैयारी में हैं।

(Udaipur Kiran) / रोशन सिन्हा