
गुवाहाटी, 22 नवम्बर (Udaipur Kiran) । असम में आगामी 2026 के विधानसभा चुनावों में भाजपा-नीत गठबंधन को लगातार तीसरी बार सत्ता में लाने के लक्ष्य को लेकर असम भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने संगठन सुदृढ़ीकरण की गति और अधिक तेज कर दी है। असम प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष दिलीप सैकिया के दृढ़ एवं गतिशील नेतृत्व में पार्टी चुनावी तैयारी को अंतिम रूप देने में जुटी है।
इसी क्रम में शनिवार काे होजाई जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों के भाजपा पदाधिकारी, बूथ अध्यक्ष, बीएलए-2 सदस्य, पालक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में उपस्थित कार्यकर्ताओं के साथ एक विशेष संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में सैकिया ने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे और अधिक समर्पण, ईमानदारी तथा अनुशासन के साथ अपनी पार्टी-दायित्वों का निर्वहन करें तथा बूथ-स्तर पर विजय सुनिश्चित करने का संकल्प लें, ताकि आगामी चुनावों में पुनः एनडीए सरकार के गठन का मार्ग प्रशस्त हो सके।
उन्होंने कहा कि आगामी 2026 के विधानसभा चुनाव के लिए असम भाजपा पूर्ण रूप से तैयार है और संगठनात्मक बल अब बूथ से लेकर राज्य स्तर तक अत्यधिक सशक्त हुआ है। इसी बीच, असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने भी शुक्रवार काे मीडिया के माध्यम से स्पष्ट कहा कि इस बार के चुनाव में भाजपा युवा, महिलाओं और कई नए चेहरों को विशेष महत्व देगी।
भाजपा नेतृत्व का मानना है कि संगठन की बढ़ती ऊर्जा, नए कार्यकर्ताओं की सक्रियता और बूथ-स्तरीय मजबूती आगामी 2026 के चुनाव में भाजपा-नीत गठबंधन को ऐतिहासिक जीत दिलाएगी।
—————
(Udaipur Kiran) / श्रीप्रकाश