
नई दिल्ली, 22 नवंबर (Udaipur Kiran) । पश्चिमी दिल्ली की हरिनगर पुलिस ने साइबर जालसाजों को कमीशन पर बैंक खाते बेचने वाले आरोपित को गिरफ्तार किया है। इसके कब्जे से 37 एटीएम कार्ड, नौ मोबाइल फोन, 15 चेकबुक, तीन पासबुक व अन्य सामान बरामद हुए हैं। पुलिस पकड़े गये आरोपित से पूछताछ करके यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इसने किन जालसाजों को ठगी के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराए हैं। पुलिस खातों से संबंधित रिकॉर्ड इत्यादि खंगाल रही है।
पुलिस उपायुक्त दराड़े शरद भास्कर ने शनिवार को बताया कि आरोपित के 19-20 नवंबर को हरिनगर क्लॉक टावर के पास आने की गुप्त सूचना मिली। सूचना को पुख्ता कर पुलिस ने जाल बिछाकर उसे पकड़कर बैग जब्त किया। जांच करने पर बैग में उक्त एटीएम कार्ड, मोबाइल फोन व अन्य कागजात बरामद हुए। इनकी जांच करने पर ये बैंक खाते एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज साइबर ठगी की कई शिकायतों से जुड़े पाए गए। इसके बाद पुलिस ने आरोपित के खिलाफ केस दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपित की पहचान उत्तम नगर निवासी गौरव के रूप में हुई। फिलहाल पुलिस खातों से जुड़े अन्य मामलों के बारे में पूछताछ कर रही है।
—————
(Udaipur Kiran) / कुमार अश्वनी