
बागपत, 22 नवंबर (Udaipur Kiran) । बागपत का एक युवक साइबर ठगों का शिकार हो गया। नाैकरी का झांसा देकर उसको कम्बोडिया में बंधक बना लिया गया। पत्नी की शिकायत पर बागपत पुलिस ने कम्बोडिया से पीड़ित का प्रत्यावर्तन कराया है और लोगों से जागरूक रहने की अपील की है।
नौकरी का झांसा देकर बागपत के विकास को कुछ दिन पहले कंबोडिया में बंधक बना लिया गया। उसका पासपोर्ट जब्त कर लिया और उसके एटीएम कार्ड से साइबर ठगी को अंजाम दिया गया। पता चलने के बाद बागपत में उसकी पत्नी ने एसपी बागपत सूरज कुमार राय को सारी जानकारी दी और सहायता मांगी जिसके बाद मामला साइबर सेल को सौंप दिया गया। एसपी सूरज कुमार राय द्वारा लखनऊ साइबर सेल में मामले को दर्ज कराया और विदेश मंत्रालय से संपर्क साधा गया।
एसपी बागपत सूरज कुमार राय ने बताया कि साइबर क्राइम सेल द्वारा शिकायत को दर्ज किया गया था। कम्बोडिया से साइबर बंधक(साइबर स्लेवरी) के शिकार बागपत के युवक विकास का गृह मंत्रालय के I4C सेंटर व भारतीय दूतावास, कंबोडिया से समन्वय स्थापित कर देश प्रत्यावर्तन करा लिया गया है।
बागपत पुलिस के प्रयासों से विकास राणा कंबोडिया से अपने घर वापस आ गए हैं उनको पाकर परिजनों में खुशी का माहौल है । उनकी पत्नी डोली ने बागपत पुलिस का धन्यवाद किया है। एसपी बागपत सूरज कुमार राय ने अपील की है कि नौकरी का झांसा देकर कंबोडिया थाईलैंड जैसे देशों में ले जाने वाले लोगों से सावधान रहें। अधिक पैसे के लालच में आप साइबर सैलरी का शिकार हो सकते हैं। उन्होंने अपील की है कि अगर इस तरह का कोई और नागरिक शिकार हो चुका है तो इसकी जानकारी नजदीकी साइबर सेल को दे।
(Udaipur Kiran) / सचिन त्यागी