HimachalPradesh

भाजपा किसान मोर्चा की जिला स्तरीय बैठक, बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने की बनी रणनीति

हर बूथ पर बनाये जायेंगे किसान प्रहरी ,भाजपा किसान मोर्चा संगठन की मजबूती को बनाई कार्य योजना

नाहन, 22 नवंबर (Udaipur Kiran) । भाजपा अपने सभी संगठनात्मक मोर्चों को सक्रिय रखते हुए संगठन विस्तार की दिशा में काम कर रही है। इसी क्रम में सिरमौर जिला भाजपा किसान मोर्चा की बैठक आज प्रदेश मोर्चा अध्यक्ष संजीव देष्टा की अध्यक्षता में आयोजित हुई, जिसमें किसान मोर्चा के पदाधिकारियों व सदस्यों ने भाग लिया।

बैठक में किसान मोर्चा के बूथ स्तर तक विस्तार, प्रचार-प्रसार और संगठन को मजबूत करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि किसान मोर्चा अन्य मोर्चों के साथ समन्वय बनाकर जमीनी स्तर पर संगठन को और सशक्त बनाएगा।

प्रेस वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष संजीव देष्टा ने कहा कि भाजपा के दिशा-निर्देशों के अनुरूप किसान मोर्चा बूथ स्तर पर 10-10 किसान प्रहरी नियुक्त करेगा। ये प्रहरी केंद्र सरकार की किसान हितैषी व जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाएंगे।

उन्होंने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान सरकार अपने तीन साल का जश्न मना रही है जबकि आपदा काल में सरकार कहीं दिखाई नहीं दी। न कोई उल्लेखनीय उपलब्धि है और न ही कोई प्रभावी जनकल्याण योजना जनता के लिए दिखाई देती है।

—————

(Udaipur Kiran) / जितेंद्र ठाकुर