
धमतरी, 22 नवंबर (Udaipur Kiran) । कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अबिनाश मिश्रा ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य में पूर्ण सहयोग प्रदान करें। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का अद्यतन लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने का महत्वपूर्ण आधार है, इसलिए प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
कलेक्टर ने बताया कि बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा सभी मतदाताओं को गणना फार्म का वितरण कर दिया गया है। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि गणना पत्र को सही-सही भरकर शीघ्र बीएलओ को जमा करें, ताकि डिजिटाइजेशन कार्य समय पर पूर्ण हो सके। फार्म भरने के लिए वर्ष 2003 की मतदाता सूची की जानकारी की आवश्यकता होती है, जो बूथ लेवल अधिकारियों के पास उपलब्ध है। यह जानकारी वेबसाइट पर भी उपलब्ध है। इसके अलावा पोर्टल के माध्यम से मतदाता ऑनलाइन भी गणना फार्म भर सकते हैं। कलेक्टर मिश्रा ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य समयबद्ध है और उपलब्ध समय बहुत कम है। ऐसे में सभी मतदाताओं से अपेक्षा है कि वे शीघ्रता से गणना पत्र भरकर जिला प्रशासन को सहयोग प्रदान करें। उन्होंने मतदाता सूची अद्यतन को लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सशक्त बनाने वाला महत्वपूर्ण कदम बताते हुए जिलेवासियों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
जिले में 6 लाख 47 हजार 147 मतदाता
धमतरी जिले में कुल 753 बीएलओ की नियुक्ति की गई है। यहां 6 लाख 47 हजार 147 मतदाता हैं। विधानसभा क्षेत्र सिहावा क्रमांक 56 में 96 हजार 364 पुरूष, 1 लाख 2 हजार 585 महिला कुल एक लाख 98 हजार 949 मतदाता हैं। इस क्षेत्र में 259 बीएलओ हैं। विधानसभा क्षेत्र कुरूद क्रमांक 57 में पुरूष मतदाता एक लाख सात हजार 612 तथा 1 लाख 8 हजार 937 महिला मतदाता समेत एक थर्ड जेंडर मतदाता हैं, जिनकी कुल संख्या 2 लाख 16 हजार 550 मतदाता एवं 237 बीएलओ हैं। धमतरी विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 58 में पुरूष मतदाता 1 लाख 12 हजार 355, महिला मतदाता एक लाख 19 हजार 288, थर्ड जेंडर मतदाता पांच समेत कुल दो लाख 31 हजार 684 मतदाता हैं। यहां के लिए 257 बीएलओ नियुक्त किए गए हैं।
(Udaipur Kiran) / रोशन सिन्हा