
नई दिल्ली, 22 नवंबर (Udaipur Kiran) । मध्य जिला के दरियागंज थाना पुलिस ने महंगी घड़ियां और अन्य लग्जरी सामान ऑन लाइन बेचने के नाम पर ठगी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस संबंध में म्यूल अकाउंट (धोखाधड़ी की रकम लेन-देन करने वाले खाते) चला रही महिला को गिरफ्तार किया है। इसकी पहचान फौजिया (33) के रूप में हुई है। फौजिया के नाम से दरियागंज स्थित निजी बैंक में 51 लाख रुपये ठगी की रकम आई थी। इसके अलावा इसके नाम से मौजूद बाकी खातों में करोड़ों रुपये की रकम के लेनदेन का पता चला है। फिलहाल दिल्ली, राजस्थान, तेलंगाना, कर्नाटक, महाराष्ट्र और तमिलनाडु की सात शिकायतों का पता चला है।
फौजिया और इसका पति शाहबाज अपने साथियों के साथ मिलकर देशभर के लोगों से ठगी कर रहे थे। जयपुर पुलिस ने डेढ़ करोड़ रुपये ठगी के आरोप में शाहबाज और उसके साथियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस फौजिया से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है। बाकी शिकायतकर्ताओं का पता किया जा रहा है।
मध्य जिले के पुलिस उपायुक्त निधिन वल्सन ने शनिवार काे बताया कि एनसीआरपी पोर्टल के जरिए दरियागंज थाना पुलिस को एक निजी बैंक में ठगी की रकम लेन-देन का पता चला। जांच के दौरान पता चला कि जयपुर के एक अन्य निजी बैंक से ठगी के 10 लाख रुपये इस खाते में आए हैं। पड़ताल करने पर यह म्यूल अकाउंड मिला। खाते की पड़ताल हुई तो इसमें दिल्ली से 10 लाख, तेलंगाना से 19 लाख, कर्नाटक से आठ लाख, बेंगलुरु कर्नाटक से एक लाख हुबली से तीन लाख, महाराष्ट्र से पांच लाख और तमिलनाडु से पांच लाख आने का पता चला। टीम को इस संबंध में सात शिकायतें मिली। फौरन दरियागंज थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार व अन्यों की टीम बनाकर पड़ताल शुरू की गई।
जांच के दौरान खाता फौजिया नामक महिला के नाम पर मिला। उसके पते की पड़ताल हुई तो वह फर्जी निकला। पुलिस ने सीडीआर की पड़ताल की। उसके आधार पर टीम जांच करती हुई करावल नगर की श्रीराम कालोनी पहुंची। वहां से आरोपित फौजिया को दबोच लिया गया।
—————
(Udaipur Kiran) / कुमार अश्वनी