
मंडी, 21 नवंबर (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अजय ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में आपराधिक घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। ऊना में हुए गोलीकांड और तलवारबाजी में एक युवक को मौत, और कई के घायल होने की घटना यह सिद्ध करती है कि प्रदेश में अब कानून का नहीं बल्कि अपराधियों का राज कायम हो चुका है। अजय ठाकुर ने कहा कि ऊना में हुई घटना में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की संलिप्तता सामने आई है। यह अत्यंत शर्मनाक है कि हिमाचल प्रदेश सरकार के संरक्षण में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। सत्ताधारी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने गुंडों तथा अपराधियों से हाथ मिला लिया है और आम जनमानस त्रस्त हो चुका है । उन्होंने कहा कि महिलाओं के साथ अपराध प्रदेश में लगातार बढ़े हैं। व्यापारियों से अवैध वसूली हो रही है। हिमाचल प्रदेश जो पूरे देश में अपनी शांतिप्रियता के लिए जाना जाता है, वह अब अपराधियों का आरामगाह बनता जा रहा है। प्रदेश में अपराधियों को रोकने के लिए कड़े कदम उठाने होंगे। जनता को उनके हाल पर नहीं छोड़ा जाना चाहिए। प्रदेश सरकार को अपराधियों के संरक्षण देना बंद करना चाहिए l
अजय ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू एक तरफ कोई योजना का पूर्ण क्रियान्वयन नहीं करवा पा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर उनकी पत्नी गोबर खरीद का जुमला फेंक कर जनता को बरगलाने की कोशिश कर रही हैं। कांग्रेस के पास विकास का कोई रोड मैप नहीं है, इसी प्रकार उसके पास गोबर से जुड़ी कोई योजना या रोड मैप नहीं है।
—————
(Udaipur Kiran) / मुरारी शर्मा