RAJASTHAN

खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में  23 खेलों में लगभग पांच हजार खिलाड़ी लेंगे भाग

खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में  23 खेलों में लगभग 5000 खिलाड़ी लेंगे भाग

जयपुर, 20 नवंबर (Udaipur Kiran) । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से विश्वविद्यालय स्तर पर युवा खिलाड़ियों को अधिक अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित किए जा रहे खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में इस बार 24 खेलों का आयोजन किया जा रहा है, जिनमें खो-खो को प्रदर्शन खेल के रूप में शामिल किया गया है। इन खेलों में देशभर से लगभग 5000 खिलाड़ी भाग लेंगे, जिनमें से कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं।

राजस्थान सरकार के युवा मामले एवं खेल विभाग के शासन सचिव और राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद के अध्यक्ष डॉ. नीरज के. पवन ने बताया कि प्रतियोगिताओं का आयोजन राज्य के सातों संभागों में किया जा रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि जयपुर संभाग में एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, हॉकी, तैराकी, टेनिस, फुटबॉल, तीरंदाजी, निशानेबाजी, मल्लखंभ और साइक्लिंग की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। सवाई मानसिंह स्टेडियम में एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, हॉकी, तैराकी, टेनिस और साइक्लिंग, राजस्थान विश्वविद्यालय में मल्लखंभ, पूर्णिमा विश्वविद्यालय में फुटबॉल तथा जगतपुरा शूटिंग रेंज में तीरंदाजी और निशानेबाजी की स्पर्धाएं होंगी।

उन्होंने बताया कि जयपुर में बैडमिंटन, तीरंदाजी और शूटिंग 24 से 28 नवंबर तक, तैराकी, फुटबॉल, हॉकी और रोड साइक्लिंग 25 से 28 नवंबर तक, ट्रैक साइक्लिंग 28 से 30 नवंबर तक, टेनिस 28 नवंबर से 4 दिसंबर तक, एथलेटिक्स 1 से 4 दिसंबर तक, बास्केटबॉल 1 से 5 दिसंबर तक और मल्लखंभ 2 से 5 दिसंबर तक आयोजित किए जाएंगे।

डॉ. नीरज के. पवन ने बताया कि अजमेर संभाग में 26 और 28 नवंबर को रग्बी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जबकि खो-खो की स्पर्धाएं प्रदर्शन खेल के रूप में होंगी। उदयपुर संभाग में 25 से 28 नवंबर तक जूडो, 28 नवंबर से 1 दिसंबर तक बीच वॉलीबॉल और 2 से 4 दिसंबर तक कैनोइंग व कयाकिंग की प्रतियोगिताएं होंगी। बीकानेर संभाग में कबड्डी 1 से 5 दिसंबर तक और भारोत्तोलन 25 से 29 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि जोधपुर संभाग में 25 से 27 नवंबर तक योगासन और 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक टेबल टेनिस की प्रतियोगिताएं होंगी। कोटा संभाग में 25 से 28 नवंबर तक तलवारबाजी और 1 से 4 दिसंबर तक वॉलीबॉल का आयोजन किया जाएगा, जबकि भरतपुर संभाग में कुश्ती 25 से 28 नवंबर तक और बॉक्सिंग 1 से 5 दिसंबर तक आयोजित होगी।

डॉ. पवन ने बताया कि योगासन और मल्लखंभ में 96-96 खिलाड़ी भाग लेंगे, जिनमें 48-48 पुरुष और महिलाएं होंगी। निशानेबाजी में 12 स्पर्धाओं में कुल 384 खिलाड़ी भाग लेंगे। रग्बी में 192 खिलाड़ी मैदान में उतरेंगे, जिनमें 96 पुरुष और 96 महिला खिलाड़ी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि तैराकी में कुल 39 स्पर्धाएं आयोजित होंगी, जिसमें 456 तैराक भाग लेंगे। इनमें 232 पुरुष और 224 महिला तैराक शामिल हैं।

उन्होंने आगे बताया कि टेबल टेनिस में 160 खिलाड़ी, वॉलीबॉल में 224 खिलाड़ी और भारोत्तोलन में 160 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। कुश्ती में कुल 240 पहलवान भाग लेंगे, जिनमें 160 पुरुष और 80 महिला पहलवान शामिल हैं। प्रतियोगिता में पुरुषों के 20 और महिलाओं के 10 भार वर्ग रखे गए हैं, जिनमें सभी राष्ट्रीय मानकों के अनुसार मुकाबले कराए जाएंगे।

—————

(Udaipur Kiran)