Chhattisgarh

अंबिकापुर: जनजातीय गौरव दिवस पर शहीद वीर नारायण सिंह स्मृति आदिवासी लोक कला महोत्सव का भव्य आयोजन

जनजातीय गौरव दिवस
जनजातीय गौरव दिवस

अंबिकापुर, 19 नवंबर (Udaipur Kiran) । राज्य शासन के निर्देश पर सरगुजा संभाग में जनजातीय गौरव दिवस 2025 के अवसर पर शहीद वीर नारायण सिंह स्मृति आदिवासी लोक कला महोत्सव का आयोजन अत्यंत उत्साह और सांस्कृतिक गरिमा के साथ किया गया। कार्यक्रम में संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजेंद्र लाकपाले निर्णायक मंडल के सदस्य के रूप में शामिल हुए और विभिन्न लोक कला प्रस्तुतियों का अवलोकन करते हुए उनका मूल्यांकन किया।

प्रो. लाकपाले ने पारंपरिक नृत्यों, लोकगीतों, वाद्य वादन और जनजातीय सांस्कृतिक अभिव्यक्तियों की गहन समीक्षा की। उन्होंने प्रतिभागियों की कला, समर्पण और सांस्कृतिक संवेदनशीलता की सराहना करते हुए कहा कि जनजातीय परंपराएं प्रदेश की अमूल्य धरोहर हैं, जिनका संरक्षण और संवर्धन आने वाली पीढ़ियों के लिए अत्यंत आवश्यक है।

कार्यक्रम में पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन, वनवासी कल्याण आश्रम के प्रतिनिधि और जिला प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे, जिनकी मौजूदगी ने आयोजन को और अधिक गरिमामय बनाया।

महोत्सव में जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, परंपराओं और सांस्कृतिक विविधता को जीवंत प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। शहीद वीर नारायण सिंह के बलिदान को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए जनजातीय विरासत के संरक्षण का संदेश दिया गया।

महोत्सव से संबंधित जानकारी विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी आनंद कुमार, सहायक प्राध्यापक (फार्मेसी विभाग) द्वारा प्रदान की गई।

—————

(Udaipur Kiran) / पारस नाथ सिंह