Maharashtra

बुजुर्गों को प्रॉपर्टी टैक्स में नहीं है 30 प्रतिशत की छूट

मुंबई, 17 नवंबर (Udaipur Kiran) । वरिष्ठ नागरिकों को प्रॉपर्टी टैक्स में 30 प्रतिशत छूट देने की खबर को मुंबई मनपा ने फर्जी करार दिया है। स्पष्ट किया गया है यह संदेश पूरी तरह से भ्रामक है और इस पर कोई विश्वास न करे।

दरअसल पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर एक संदेश वायरल हो रहा था कि मुंबई मनपा ने वरिष्ठ नागरिकों को संपत्ति कर में 30% छूट देने का फैसला किया है। इस भ्रामक संदेश के कारण बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक जानकारी लेने के लिए मनपा के वार्ड कार्यालयों में पहुंच रहे हैं। मुंबई मनपा प्रशासन की ओर से कहा गया है कि 1888 के महानगरपालिका अधिनियम में ऐसी किसी छूट का प्रावधान नहीं है। नागरिकों से कार्यालय में न जाने की अपील की गई है।

मुंबई मनपा के अनुसार 1 जनवरी 2022 से केवल 500 वर्ग फुट से कम क्षेत्रफल वाली आवासीय संपत्तियों को ही टैक्स में छूट दी गई है। इसके अलावा पूर्व सैनिकों, उनकी विधवाओं और अविवाहित शहीद सैनिकों के परिजनों को एक संपत्ति पर (सरकारी टैक्स को छोड़कर) टैक्स में रियायत दी जाती है।

—————

(Udaipur Kiran) / वी कुमार