
कोरबा, 17 नवंबर (Udaipur Kiran) । जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में समर्थन मूल्य पर धान खरीद कार्य सुचारू रूप से संचालित है। जिले के 41 सहकारी समितियों के 65 धान उपार्जन केन्द्रो के माध्यम से किसानों से धान उपार्जन किया जाएगा। जिला खाद्य अधिकारी जी एस कंवर ने बताया कि आज सोमवार को जिले में दो किसानों से कुल 57.20 क्विंटल धान की खरीद की गई। उन्होंने बताया कि पाली के बक्साही सहकारी समिति में 30 क्विंटल एवं उतरदा समिति में 27.20 क्विंटल धान खरीद हेतु टोकन जारी किया गया है।
कंवर ने बताया कि धान खरीद के पहले दिन से अब तक जिले में चार किसानों से कुल 97.20 क्विंटल धान का विक्रय हुआ है। समितियों में आज हुई खरीद में किसान सुबह से ही धान खरीद केन्द्रों में पहुँच गए थे। उपार्जन केन्द्रों में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा उन्हें फूलमाला पहनाकर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। धान का नाप-तौल कर धान खरीद की कार्रवाई की गई। धान विक्रय हेतु आए किसानों में अपने उपज की समर्थन मूल्य में बिक्री होने पर बहुत ही प्रसन्नचित नजर आ रहे थे।
कलेक्टर अजीत वसंत ने धान खरीद कार्य सफलतापूर्वक संपन्न करने हेतु पूरी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए है। धान खरीद केन्द्रों में अपने धान की बिक्री हेतु पहुँचने वाले किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उनके लिए शुद्ध पेजयल, छांव, बैठक इत्यादि के अलावा शौचालय आदि की भी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
(Udaipur Kiran) /हरीश तिवारी
—————
(Udaipur Kiran) / हरीश तिवारी