RAJASTHAN

विश्व हिन्दू परिषद् : जनजातीय गौरव दिवस पर दुल्हन की घोड़ी पर बैठाकर निकाली बंदोली

jodhpur

जोधपुर, 17 नवम्बर (Udaipur Kiran) । जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर विश्व हिन्दू परिषद जोधपुर द्वारा सामाजिक समरसता, महिला सम्मान और सनातन संस्कृति के रक्षण का अनूठा संदेश देते हुए भील समाज की बेटी दिव्या की बंदोली घोड़ी पर बैठाकर निकाली गई। यह आयोजन पाल रोड निवासी रामचन्द्र भील के विवाह समारोह में सम्पन्न हुआ, जिसमें प्रान्त संगठन मंत्री राजेश पटेल के नेतृत्व में परिषद के प्रान्त व महानगर पदाधिकारियों ने सहभागिता की।

पाल बालाजी मंदिर से परंपरागत ढोल-नगाड़ों, मंगल गीतों और पूजा-अर्चना के पश्चात दिव्या की बंदोली निकाली गई। इस दौरान राजेश पटेल और प्रांत सहमंत्री महेन्द्र उपाध्याय ने स्वयं दुल्हन को घोड़ी पर बैठाया और लगाम थामी।

परिषद की इस पहल को समाज में महिला सम्मान और सांस्कृतिक गौरव की एक मिसाल के रूप में देखा जा रहा है। भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर आयोजित इस कार्यक्रम ने जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और प्रगतिशील विचारों के समन्वय का संदेश दिया।

उपस्थित पदाधिकारियों में प्रांत सहमंत्री महेन्द्र उपाध्याय, डॉ. खेमराज वर्मा, दौलत सिंह अधिवक्ता, निशा राठौड़, डॉ. जया वर्मा, भगवती, मनिषा केला, आरती राखेचा सहित दुल्हन पक्ष के परिजन और अनेक गणमान्य शामिल रहे। कार्यक्रम के दौरान सर्वसम्मति से यह संदेश दिया गया कि संगठित, स्वाभिमानी और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध हिन्दू समाज के निर्माण में महिला सम्मान और जनजातीय अस्मिता की भूमिका सर्वोपरि है।

(Udaipur Kiran) / सतीश