
जींद, 17 नवंबर (Udaipur Kiran) । एचएसईबी वर्कर यूनियन के आह्वान पर सोमवार को बिजली निगम कर्मियों ने एसडीओ सिटी की कार्यशैली को लेकर विरोध जताया। बिजली निगम कर्मियों ने कार्यालय गेट पर एसडीओ सिटी के खिलाफ नारेबाजी की। कर्मचारियों ने चेताया कि एसडीओ सिटी ने अपनी कार्यप्रणाली में सुधार नहीं किया तो वो आंदोलन करने को मजबूर होंगे और जिसकी जिम्मेवारी बिजली प्रशासन की होगी।
प्रदर्शन से पहले बिजली निगम कर्मचारी शहर सब डिवीजन बिजली निगम कार्यालय में उप प्रधान शीला के नेतृत्व में एकत्रित हुए। उन्होंने निगम कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि एसडीओ सिटी की कार्यप्रणाली तानाशाही है। जब भी कोई कर्मचारी अपनी समस्या लेकर उनके पास जाता है, तो उनकी समस्याओं को सुना नहीं जाता है। कर्मचारी कोई मांग करता है तो उसे दरकिनार किया जाता है।
अब कर्मचारी अपनी समस्याओं को लेकर अधिकारियों के पास नहीं जाएंगे तो उनकी सुनवाई कहां होगी। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं का निदान करने की बजाए एसडीओ सिटी उन्हें आंदोलन के लिए मजबूर कर रहे हैं। उन्होंने मांग की कि एसडीओ सिटी अपनी कार्यशैली को बदलें और कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान को लेकर उचित रूख अपनाएं ताकि कर्मचारियों को परेशानी न हो। इस मौके पर अनिल कुमार, महेश कुमार, अनिल, वरूण कुमार, सविता, पूजा, सविता सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
—————
(Udaipur Kiran) / विजेंद्र मराठा