Gujarat

प्रेम संबंध से आहत पति की गोली से घायल पत्नी की भी मौत, भतीजे से था महिला का अवैध संबंध

राजकोट में पति-पत्नी का खूनी विवाद
राजकोट का खूनी विवाद

राजकोट , 17 नवंबर (Udaipur Kiran) । गुजरात के राजकोट के नागेश्वर इलाके में पत्नी के प्रेम संबंध से आहत पति ने दो दिन पूर्व यानी 15 नवंबर को अपनी पत्नी पर लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली मार कर खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। गंभीर रूप से घायल पत्नी को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां आज (17 नवंबर) इलाज के दौरान महिला ने भी दम तोड़ दिया।

चाची और भतीजे के अवैध प्रेम संबंध से परेशान एक पति ने बिल्डिंग परिसर में अपनी पत्नी पर लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली चला दी और फिर खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। घटनास्थल पर ही पति की मौत हो गई थी, जबकि गंभीर रूप से घायल पत्नी को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। गांधीग्राम पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर हत्या की धारा जोड़ते हुए जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है।

प्रेम संबंध के चलते पत्नी सहेली के घर रहने लगी थी

राजकोट के जामनगर रोड स्थित नागेश्वर क्षेत्र में रहने वाले दंपति के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। पत्नी का अपने भतीजे के साथ प्रेम संबंध था, जिसकी जानकारी पति को मिल गई थी। इसी को लेकर दोनों में लगातार झगड़ा हो रहा था। विवाद बढ़ने पर पत्नी, पति और 20 साल के बेटे को छोड़कर सामने की बिल्डिंग में अपनी सहेली के घर रहने चली गई थी। पिछले डेढ़ महीने से पति उसे मनाने की कोशिश कर रहा था और घर लौट आने की रिक्वेस्ट कर रहा था, लेकिन पत्नी तैयार नहीं हुई।

पत्नी को मनाने गए पति की बात न मानने पर विवाद बना खूनी हादसा

15 नवंबर की सुबह पति फिर से पत्नी को मनाने उसकी सहेली के घर पहुंचा। उसी समय पत्नी जिम से वापस लौटी थी। बिल्डिंग के परिसर में दोनों के बीच बहस हुई जो देखते-देखते हिंसक हो गई। गुस्से में आए पति ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से पहले पत्नी पर गोली चलाई और फिर खुद को भी गोली मार ली। दोनों लहूलुहान हालत में जमीन पर गिर पड़े। घटनास्थल से तीन कार्टेज बरामद हुए।

पत्नी की सहेली, जो उसी समय मौजूद थी, ने तुरंत 108 पर कॉल किया और महिला को पहले राजकोट सिविल अस्पताल और फिर एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं पति की मौके पर ही मौत हो गई थी।

20 वर्षीय बेटे ने खोया मां-बाप का साया

इलाज के दौरान आज पत्नी की भी मौत हो गई। चाची–भतीजे के प्रेम संबंध ने दो लोगों की जान ले ली, जबकि 20 वर्षीय बेटे से मां और बाप—दोनों का साया छिन गया। लंबे समय से पति-पत्नी अलग रहते थे। बेटा पिता के साथ ही रहता था जबकि पत्नी अपनी सहेली के घर रहने चली गई थी।

—————

(Udaipur Kiran) / यजुवेंद्र दुबे