मुंबई, 17 नवंबर (Udaipur Kiran) । मुंबई कोस्टल रोड के किनारे पिकनिक स्पॉट के निर्माण के लिए मुंबई मनपा ने टेंडर जारी किया है। लोटस जेट्टी से बड़ौदा पैलेस तक प्रस्तावित 7.25 किलोमीटर लंबी मिसिंग लिंक वाले 320 मीटर हिस्से के निर्माण के लिए टेंडर जारी किया गया है। इस कार्य की अनुमानित लागत लगभग 9.64 करोड़ रुपये आंकी गई है।
मुंबई कोस्टल रोड का पहला चरण 7.25 किलोमीटर लंबा और 8 से 20 मीटर चौड़ा है। यह प्रियदर्शिनी पार्क से बांद्रा-वर्ली सी लिंक के छोर तक है। इसे यातायात के लिए खोला जा चुका है। कोस्टल रोड के अगले दो चरणों का काम बाकी है। मानसून के बाद अब बीएमसी ने 320 मीटर हिस्से के निर्माण के लिए टेंडर आमंत्रित किया है। कार्य के लिए बोली लगाने से पहले एक बैठक 28 नवंबर को बीएमसी के इंजीनियर हब, वर्ली में निर्धारित की गई है, जबकि बोली जमा करने की अंतिम तिथि 8 दिसंबर 2025 है।
मनपा अधिकारियों के अनुसार लोटस जेट्टी से बड़ौदा पैलेस तक का काम अगले वर्ष शुरू होने की संभावना है और जून 2026 तक पूरा हो सकता है। हाजी अली से लोटस जेट्टी तक का हिस्सा एक वर्ष अतिरिक्त लेगा, क्योंकि वहां निर्माण कार्य केवल हाजी अली के भूमिगत कार पार्किंग प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद ही शुरू होगा।
—————
(Udaipur Kiran) / वी कुमार