Assam

आगामी विधानसभा चुनाव के लिए दिलीप सैकिया ने अपने कार्यकर्ताओं से की अपील

प्रदेश भाजपा मुख्यालय अटल बिहारी वाजपेयी भवन में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया।

गुवाहाटी, 16 नवम्बर (Udaipur Kiran) । असम प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं सांसद दिलीप सैकिया ने रविवार को पार्टी कार्यकर्ताओं से 2026 असम विधानसभा चुनावों के लिए तैयारियों को तेज करने की अपील की।

माकुम में आयोजित एक संगठनात्मक बैठक को संबोधित करते हुए सैकिया ने कहा कि भाजपा माकुम विधानसभा क्षेत्र से भारी बहुमत के साथ विजय प्राप्त करने को लेकर पूरी तरह आश्वस्त है। उन्होंने कहा कि “विकसित असम” का लक्ष्य हर पार्टी कार्यकर्ता का साझा संकल्प होना चाहिए।

अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि केवल टिकट की मांग करने से पार्टी मजबूत नहीं होगी, बल्कि बूथ और मंडल स्तर पर संगठन को सशक्त बनाना भाजपा की वास्तविक ताकत बनेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि वे राज्य सरकार की विकास योजनाओं और जनहितकारी पहलों को अधिक प्रभावी तरीके से जनता तक पहुंचाएं।

सैकिया ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा लगातार असम के विकास को गति दे रहे हैं, वहीं केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने भी पार्टी की संगठनात्मक मजबूती में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। यह बैठक तिनसुकिया जिला भाजपा समिति और माकुम विधानसभा क्षेत्र के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की गई। इसमें बूथ समिति अध्यक्ष, शक्ति केंद्र संयोजक, नवगठित मंडल समितियों के पदाधिकारी तथा विभिन्न स्तरों के जनप्रतिनिधि शामिल हुए।

कार्यक्रम में तिनसुकिया विधायक संजय किसान, प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष पुलक गोहाईं, महासचिव ऋतुपर्ण बरुवा, सचिव लक्ष्य कोंवर, जिला अध्यक्ष कुषकंता बोरा, प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट त्रिदिबज्योति मोरान सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / श्रीप्रकाश