Chhattisgarh

कोरबा : भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर कोरबा में भव्य जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम आयोजित

भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर कोरबा में भव्य जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम, कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन हुए शामिल

कोरबा, 15 नवंबर (Udaipur Kiran) । भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में आज शनिवार को कोरबा जिले में राजीव गांधी ऑडिटोरियम में जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का गुजरात के नर्मदा से दिया गया। संबोधन वर्चुअली प्रसारित किया गया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने उत्साहपूर्वक सुना। प्रधानमंत्री ने देशभर में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रमों की सराहना करते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत संरचना से जुड़ी कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। कोरबा जिले के लिए एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय रामपुर और पीएम जनमन योजना के तहत केराकछार में बहुउद्देशीय केंद्र निर्माण कार्य की स्वीकृति भी शामिल रहे।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य, उद्योग, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और उनके अदम्य साहस, संघर्ष तथा देशप्रेम को नमन किया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें जनजातीय समाज की शिक्षा, आजीविका, सांस्कृतिक संरक्षण और स्वास्थ्य सेवाओं के उन्नयन के लिए दृढ़ता से काम कर रही हैं।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का संदेश (पाती) उपस्थित जनसमूह को पढ़कर सुनाया। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने आदिवासी समाज में जागृति का संचार किया और स्वतंत्रता संग्राम में अंग्रेजी शासन के विरुद्ध अद्वितीय संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस, बिरसा मुंडा के आदर्शों और योगदान को नई पीढ़ी तक पहुँचाने का अवसर है।

महापौर श्रीमती राजपूत ने बताया कि, भगवान बिरसा मुंडा ने जनजातीय संस्कृति और परंपराओं की रक्षा के लिए जो आंदोलन किया, उसे इतिहास सदैव याद रखेगा। उन्होंने कहा कि सरकारें आज भी उनके दिखाए मार्ग पर आगे बढ़ते हुए जनजातीय समाज तक योजनाओं का लाभ लगातार पहुंचा रही हैं।

कलेक्टर अजीत वसंत ने जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने कठिन परिस्थितियों में अंग्रेजी शासन के विरुद्ध संघर्ष किया और जनजातीय समाज को एकजुट कर अधिकारों की लड़ाई को मजबूत किया। उन्होंने वीर नारायण सिंह और गुण्डाधुर जैसे आदिवासी वीरों के योगदान को याद करते हुए सभी नागरिकों से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

कार्यक्रम में जनजातीय समाज के प्रमुख सदस्यों का सम्मान किया गया। गोड़ समाज के अध्यक्ष के.आर. राज, अघरिया समाज के धनसिंह, बिंझवार समाज के चंद्रभूषण सिंह, कोरवा समाज के तिलक राम, भारिया समाज के विजय कुमार, कंवर समाज के भुवन सिंह और सिदार समाज के जोगीलाल सिदार को शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। शहीद जवानों के परिजनों को भी शॉल-श्रीफल देकर श्रद्धापूर्वक सम्मानित किया गया।

इसके साथ ही जनजाति वर्ग के मेधावी छात्रों को भी सम्मानित किया गया। कक्षा 10वीं और 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जयदेव राठिया, तनु पैकरा, उदिता कंवर और आरती का सम्मान कर उन्हें प्रोत्साहित किया गया। इसके अलावा उन्नत कृषकों—विजय सिंह कंवर, रामरत्न निकुंज, लक्ष्मी नारायण कंवर, हेमंत सिंह और पाल सिंह कंवर—को कृषि उत्पादन में उत्कृष्ट कार्य हेतु सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर, जिला पंचायत सीईओ दिनेश नाग, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनजातीय समाज के सदस्य, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम जनजातीय संस्कृति, शौर्य और सम्मान को समर्पित रहा, जिसमें जनजातीय गौरव दिवस की भावना भव्यता के साथ झलकी।

(Udaipur Kiran) /हरीश तिवारी

—————

(Udaipur Kiran) / हरीश तिवारी