
सांसद खेल महोत्सव के ब्लॉक स्तरीय कार्यक्रम का उद्घाटन
जोधपुर, 15 नवम्बर (Udaipur Kiran) । केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने शनिवार को बालेसर में सांसद खेल महोत्सव के ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। शेखावत ने युवाओं को सबसे सौभाग्यशाली पीढ़ी बताते हुए कहा कि आज के युवा जिस संकल्प के साथ आगे बढ़ेंगे, वही भारत के भविष्य की दिशा तय करेगा। उनकी ऊर्जा ही भारत को विश्व की महाशक्ति बनाएगी।
केन्द्रीय मंत्री शेखावत और विधायक बाबू सिंह राठौड़ ने युवा शक्ति का महोत्सव सांसद खेल महोत्सव के तहत बालेसर सत्ता राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में शेरगढ़ विधानसभा क्षेत्र सांसद खेल महोत्सव की ब्लॉक लेवल प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। केन्द्रीय मंत्री शेखावत और विधायक बाबू सिंह राठौड़ रस्सा कसी प्रतियोगिता को रस्सा खींच कर शुरू किया। विधायक बाबू सिंह राठौड़ ने स्वागत उद्बोधन दिया। इस अवसर पर अपने उद्बोधन में केंद्रीय मंत्री शेखावत ने मंच पर उपस्थित शेरगढ़ विधायक बाबू सिंह राठौड़ को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह खेल महोत्सव केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि विकसित भारत के निर्माण की दिशा में युवाओं की भागीदारी का प्रतीक है। सांसद खेल महोत्सव का उद्देश्य देश के कोने- कोने से खेल प्रतिभाओं को खोजकर उन्हें तराशना और आगे बढ़ाने का है। यह केवल खेल नहीं, बल्कि भारत की युवा शक्ति को संगठित करने का एक राष्ट्रव्यापी अभियान है।
(Udaipur Kiran) / सतीश