Delhi

भगवान बिरसा मुंडा ने स्वतंत्रता आंदोलन में नई चेतना का संचार किया : रेखा गुप्ता

दिल्ली सचिवालय में  भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करती मुख्यमंत्री रेखा  गुप्ता

नई दिल्ली, 15 नवंबर (Udaipur Kiran) । मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली सचिवालय में शनिवार काे ‘धरती आबा’ भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर समाज और राष्ट्र उत्थान में उनके अद्वितीय योगदान को नमन किया।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर लिखा कि भगवान बिरसा मुंडा ने स्वतंत्रता आंदोलन में नई चेतना का संचार किया और आदिवासी समाज के अधिकारों, सम्मान और सांस्कृतिक अस्मिता की रक्षा के लिए अदम्य संघर्ष किया। उनका साहस, त्याग और नेतृत्व राष्ट्र की अमूल्य धरोहर है। उनकी संघर्षगाथा सदियों तक आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पण और सेवाभाव की प्रेरणा देती रहेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा भगवान बिरसा मुंडा के सम्मान में घोषित ‘जनजातीय गौरव दिवस’ की आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। यह दिवस हमारे जनजातीय नायकों के शौर्य, संस्कृति और योगदान को राष्ट्रीय सम्मान देने का संकल्प है।

इसके अलावा मुख्यमंत्री दिल्ली सचिवालय में आचार्य श्रीमद् विजय हंसरत्नसूरीश्वर महाराज के सम्मान में सरकार द्वारा आयोजित दिव्य सत्कार समारोह में सम्मिलित हुई। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आठ-आठ बार 180 दिनों की कठोर तपस्या करना अविश्वसनीय आत्मबल और अदम्य धैर्य का परिचायक है। गुरुजी की तपस्या हमें आत्मसंयम, सेवा और मानव कल्याण का गहरा संदेश देती है। उन्होंने कहा कि जैन मुनियों की तप साधना का इतिहास सदियों पुराना है। उनकी साधना ने समाज को हमेशा शांति, करुणा और बंधुत्व का मार्ग दिखाया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी परंपरा में आचार्य हंसरत्नसूरीश्वर जी महाराज की तपशक्ति एक विशिष्ट उदाहरण प्रस्तुत करती है। 180 दिनों का कठिन निराहार व्रत उन्होंने आठवीं बार पूरा कर मानव जीवन में तप और अनुशासन की असाधारण क्षमता को सिद्ध किया है। गुरुजी की साधना से हमें नई प्रेरणा, नई शक्ति और जीवन के प्रति एक नई दृष्टि प्राप्त होती है। इस अवसर पर कैबिनेट कपिल मिश्रा एवं जैन समाज के अनेक सदस्यों की उपस्थिति रही।

—————

(Udaipur Kiran) / धीरेन्द्र यादव