Jharkhand

उल्लास और सांस्कृतिक गरिमा के साथ जतरा का आयोजन

Photo
Photo

बोकारो, 14 नवंबर (Udaipur Kiran) । झारखंड स्थापना दिवस के रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में बेरमो अनुमंडल के पेटरवार में पारंपरिक भव्य जतरा का आयोजन बड़े उल्लास और सांस्कृतिक गरिमा के साथ किया गया।

कार्यक्रम में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के मंत्री योगेंद्र प्रसाद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

वहीं जतरा की शुरुआत बुंडू बीर स्थित जराडीह मोड़ सरना स्थल से पारंपरिक विधि-विधान के साथ की गई। आकर्षक सांस्कृतिक झांकियों, जनजातीय परंपराओं की झलक और ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच यह शोभायात्रा प्रखंड मुख्यालय, पेटरवार तक पहुंची। रास्‍ते में स्थानीय ग्रामीणों और युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।

इस अवसर पर उपायुक्त अजय नाथ झा, उप विकास आयुक्त सहित जिला प्रशासन के कई अधिकारी मौजूद थे। अधिकारियों ने कहा कि जतरा का आयोजन झारखंड की समृद्ध जनजातीय संस्कृति को संरक्षित करने और नई पीढ़ी में परंपरा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

जिला प्रशासन ने कार्यक्रम की सफलता के लिए व्यापक व्यवस्था की थीं, जिससे पूरा आयोजन शांतिपूर्ण और आकर्षक तरीके से संपन्न हो सका।

(Udaipur Kiran) / अनिल कुमार