Uttar Pradesh

जवाहरलाल नेहरू ने आधुनिक भारत की नींव रखी : अजय राय

पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के चित्र पर पुष्पार्चन करते अजय राय

लखनऊ, 14 नवंबर (Udaipur Kiran) । स्वतंत्र भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पर एक विचार संगोष्ठी का आयोजन किया गया। वक्ताओं ने पंडित जवाहर लाल नेहरू के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर चर्चा की। संगोष्ठी से पूर्व पंडित जवाहर लाल नेहरू के चित्र पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय, पूर्व मंत्री राजबहादुर एवं पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किया।

संगोष्ठी को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने पंडित नेहरू के बहुआयामी व्यक्तित्व और देश के प्रति उनके ऐतिहासिक योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पंडित नेहरू ने आधुनिक भारत की नींव रखी। वैज्ञानिक सोच, लोकतांत्रिक मूल्यों, समाजवाद, शिक्षा और तकनीकी विकास की दिशा में ठोस आधार तैयार किया।

अजय राय ने युवाओं से आह्वान किया कि वह नेहरू के जीवन और उनके कार्यों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान दें। उन्होंने कहा कि नेहरू का सपना एक मजबूत, समावेशी और प्रगतिशील भारत का था और कांग्रेस पार्टी उस सपने को साकार करने हेतु सदैव संघर्षरत रहेगी।

अजय राय ने कहा कि आज बिहार में जो नतीजे आए हैं, वह चौंकाने वाले हैं। उन्होंने आराेप लगाया कि भाजपा और चुनाव आयोग की मिलीभगत से एसआईआर के नाम पर बिहार के लाखों की संख्या में मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से काट दिए जाने तथा उन्हें वोट के अधिकार से वंचित रखना देश के लोकतंत्र पर सीधा हमला है।

संगोष्ठी में पूर्व विधायक श्याम किशोर शुक्ला, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रूद्र दमन सिंह बबलू, शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमित श्रीवास्तव त्यागी, डॉ. शहजाद आलम, वरिष्ठ कांग्रेस नेता रमेश मिश्रा, ओंकारनाथ सिंह, संजीव पाण्डेय आदि ने भी अपने विचार रखे।

(Udaipur Kiran) / बृजनंदन