
लखनऊ,14 नवम्बर (Udaipur Kiran) । बिहार विधानसभा चुनाव में राजग गठबंधन को मिली प्रचंड जीत के बाद शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी के राज्य मुख्यालय पर धूमधाम से विजयोत्सव मनाया गया। पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह की मौजूदगी में कार्यकर्ताओं ने भव्य विजयोत्सव आयोजित किया।
बिहार चुनाव में राजग गठबंधन की जीत के बाद बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पार्टी मुख्यालय पहुंचे। जहाँ ढोल-नगाड़ों की थाप पर नाचते-गाते हुए उन्होंने अपनी खुशी का इज़हार किया। जीत की उमंग में कार्यकर्ताओं ने आतिशबाज़ी की औरएक-दूसरे को मिठाई खिलाकर “बिहार में विजय” की शुभकामनाएं दीं।
पार्टी मुख्यालय पर बिहार विधानसभा में हुए विजयोत्सव में पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष सिंह, बृज बहादुर, प्रदेश महामंत्री गोविन्द नारायण शुक्ला, प्रदेश मंत्री शिवभूषण सिंह, किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कामेश्वर सिंह, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित, प्रदेश प्रवक्ता समीर सिंह, मनीष शुक्ला, हीरो बाजपेयी, अवनीश त्यागी, मुख्यालय प्रभारी भारत दीक्षित, सहप्रभारी अतुल अवस्थी व चौधरी लक्ष्मण सिंह, युवा नेता नीरज सिंह, रामचन्द्र प्रधान(सदस्य विधान परिषद), मुकेश शर्मा (सदस्य विधान परिषद), महापौर सुषमा खर्कवाल सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता सम्मिलित हुए।
भूपेन्द्र चौधरी ने बिहार की जनता का जताया आभार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव-2025 में एनडीए गठबंधन की प्रचण्ड जीत देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उत्कृष्ट विकास नीतियों एवं अंत्योदय व गरीब कल्याण योजनाओं का नतीजा है। यह जीत बिहार की देवतुल्य जनता का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व पर अटूट विश्वास का प्रमाण है तथा एनडीए की जनसेवा, गरीब कल्याण, विकसित भारत एवं जनकल्याण की प्रभावशाली नीतियों की अटूट जीत है। इस ऐतिहासिक जीत के लिए बिहार के देवतुल्य जनता -जनार्दन, कर्मशील पार्टी पदाधिकारियों एवं ऊर्जावान कार्यकर्ताओं का हार्दिक आभार एवं अभिनंदन।
(Udaipur Kiran) / बृजनंदन