Chhattisgarh

कोरबा: जिला कांग्रेस कमेटी ने मनाई पं. जवाहरलाल नेहरू की 135वीं जयंती

कोरबा: जिला कांग्रेस कमेटी ने मनाई पं. जवाहरलाल नेहरू की 135वीं जयंती

कोरबा, 14 नवंबर (Udaipur Kiran) । जिला कांग्रेस कमेटी कोरबा शहर द्वारा टीपी नगर स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में आज शुक्रवार को भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पं. जवाहरलाल नेहरू की 135वीं जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत नेहरू जी के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने से हुई। इसके बाद कांग्रेसजनों ने नेहरू जी के जीवन, विचारों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में सर्वप्रथम जिला कांग्रेस अध्यक्ष नत्तूलाल यादव ने कहा कि पंडित नेहरू बच्चों से विशेष लगाव रखते थे, इसलिए बच्चे उन्हें प्यार से ‘चाचा नेहरू’ कहकर बुलाते थे। उच्च शिक्षा ग्रहण कर वकालत के क्षेत्र में कदम रखने के बाद उन्होंने महात्मा गांधी के मार्गदर्शन में स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। देश की आज़ादी के लिए वे कई बार जेल भी गए।

पूर्व महापौर राजकिशोर प्रसाद ने कहा कि नेहरू का स्वतंत्रता संग्राम में योगदान अतुलनीय था। उनकी भाषा पर पकड़ और विचारों की स्पष्टता उन्हें एक प्रभावशाली वक्ता बनाती थी। भारत की प्राचीन संस्कृति और विश्व इतिहास के प्रति उनकी गहरी समझ ने उनके दृष्टिकोण को और व्यापक बनाया।

पूर्व सभापति श्यामसुंदर सोनी ने कहा कि नेहरू जी शांत, संयमी और परिश्रमी व्यक्ति थे। बच्चों के प्रति उनके प्रेम के कारण ही देश में हर वर्ष 14 नवंबर को बाल दिवस मनाया जाता है।

सांसद प्रतिनिधि सुरेश सहगल ने नेहरू जी को बहुमुखी प्रतिभा का धनी बताते हुए कहा कि वे सिर्फ राजनेता ही नहीं, बल्कि महान चिंतक, लेखक और संवेदनशील व्यक्तित्व थे। दुनिया भर में उनके विचारों को सम्मान मिला और भारत ने उन्हें सर्वोच्च सम्मान ‘भारत रत्न’ से अलंकृत किया।

नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू ने कहा कि पं. नेहरू राजनीति, अर्थशास्त्र, साहित्य और चिंतन सभी क्षेत्रों में दक्ष थे। उनकी व्यक्तित्व की उदारता और बहुमुखी प्रतिभा उन्हें भारत का सच्चा रत्न बनाती है।

कार्यक्रम में उपस्थित कांग्रेसजनों में गजानंद साहू, मोह. शाहिद, लक्ष्मीनारायण देवांगन, ए.डी. जोशी, कुसुम द्विवेदी, संतोष राठौर, पार्षद रवि चंदेल, मुकेश राठौर, बद्री किरण, अविनाश बंजारे, पालूराम साहू, रामगोपाल यादव, गिरधारी बरेठ, द्रौपती बरेठ, शांता मंडावे, माधुरी ध्रुव, जगन्नाथ थवारैत, धिर सिंह, मोह. अहसान अंसारी, गोपाल यादव, रमेश वर्मा, अमित पन्ना, अवधेश लाठिया, पवन यादव और उमेश यादव सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने नेहरू जी के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके योगदान को याद किया।

(Udaipur Kiran) / हरीश तिवारी

—————

(Udaipur Kiran) / हरीश तिवारी