

अजमेर, 14 नवम्बर (Udaipur Kiran) । अजमेर में 14 नवम्बर बाल दिवस व नेहरू जयंती के रूप में मनाया गया। इस मौके पर कांग्रेसजन ने भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू की प्रतिमा पर एकत्रित होकर वहां श्रद्धा सुमन अर्पित किए और उन्हें व उनकी शिक्षाओं को याद किया। शहर जिलाध्यक्ष विजय जैन ने कहा कि नेहरू ही अंग्रेजों की गुलामी से आजाद हुए भारत देश को सर्व प्रथम सशक्त नेतृत्व देने वाले जननेता थे। शीत युद्ध के दौरान गुट निरपेक्ष आंदोलन चलाने वाले विश्व के सबसे सम्मानित नेताओं में से एक थे। लोकतांत्रिक मूल्यों को नई ऊंचाईयों पर ले जाने वाले पंडित नेहरू के आदर्शों को याद करते हुए कांग्रेसियों ने उनके दिखाए रास्ते पर बढ़ते रहने का संकल्प किया।
नव पंख संस्था के तत्वावधान में राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, नगरा भजनगंज आदर्श नगर, अजमेर में बाल दिवस एवं पंडित जवाहरलाल नेहरू जयंती बड़े उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण से हुआ। इसके बाद छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिनमें नृत्य, कविता पाठ, भाषण ,रंगोली, समूह गीत शामिल थे। चित्रकला प्रतियोगिता में बच्चों ने नेहरू जी के जीवन और उनके स्नेह के प्रति रंगों और चित्रों के माध्यम से अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में जो छात्राएँ विजेता रहीं उन्हें पुरस्कार दिए गए। अतिथि नितिन उप्पल ने कहा कि बच्चे हमारे देश का भविष्य हैं, उन्हें सशक्त और संस्कारित बनाना ही नेहरू को सच्ची श्रद्धांजलि है ।
विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती मधु कुमारी,शीतल शर्मा आदि शिक्षकों ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के अंत में संस्था की ओर से छात्राओं को मिठाई और शिक्षण सामग्री वितरित की गई।
इस अवसर पर विद्यालय परिवार, नव पंख संस्था के सदस्य मनिंदर कौर, सौरभ जैन,नितिन उप्पल ,मयंक चावला,विजय शर्मा,अविनाश कौर,राघव झा ,प्रकाश चंद शर्मा, तोहीद शेख ,मोनू रावत ,मुशर्रफ चिश्ती, आदि उपस्थित रहें।
—————
(Udaipur Kiran) / संतोष