RAJASTHAN

शीतलहर से प्रदेश में बढाई ठिठुरन, 13 शहरों का रात का पारा 10 से नीचे

माैसम

जयपुर, 14 नवंबर (Udaipur Kiran) । शीतलहर के प्रभाव से प्रदेश में सर्दी में इजाफा देखने को मिला है। इससे प्रदेश के शहरों के रात के तापमान में 2 से 9 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। प्रदेश के 13 शहरों का रात का पारा 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। 5 डिग्री के साथ फतेहपुर की रात सबसे सर्द रही। दौसा के रात के तापमान में सबसे ज्यादा 9 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार फतेहपुर के अलावा नागौर का न्यूनतम तापमान 5.8, सीकर का 6, लूणकरणसर का 6.6, दौसा का 6.9, सिरोही का 8, चूरू का 8.2, वनस्थली का 8.3, अलवर का 8.5, झुंझुनूं का 9.3, अंता बारां का और पिलानी का 9.5 डिग्री दर्ज किया गया। 31 डिग्री के साथ जैसलमेर का दिन और 16 डिग्री के साथ फलौदी की रात सबसे गर्म रही।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि गुरुवार को राज्य में मौसम शुष्क रहा। शुक्रवार को राज्य के अधिकांश भागों में न्यूनतम तापमान 5 से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है। जो कि सामान्य से लगभग 3-4 डिग्री कम है। पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन दर्ज नही किया गया। राज्य में आगामी एक सप्ताह मौसम शुष्क रहने तथा तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होने की संभावना है 15 और 16 नवम्बर को सीकर व टोंक जिलों में शीतलहर चलने की संभावना है।

जयपुर में बढ़ी सर्दी, रात के पारे में करीब 2 डिग्री की गिरावट

जयपुर में शुक्रवार को दिनभर हल्की से मध्यम गति की हवाएं चली। इससे जयपुर में सर्दी में इजाफा देखने को मिली। जयपुर के दिन के तापमान में 0.5 और रात के तापमान में 1.8 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 28.5 और न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री दर्ज किया गया।

बीसलपुर बांध का गेट खोलकर 3000 क्यूसेक पानी की निकासी जारी

पहली बार सर्दी के दिनों में भी बीसलपुर बांध के गेट खुले हुए है। शुक्रवार को बीसलपुर बांध का गेट नम्बर 11 को 0.50 मीटर खोलकर 3005 क्यूसेक पानी की निकासी की जा रही है।

—————

(Udaipur Kiran) / राजेश