मुंबई, 14 नवंबर (Udaipur Kiran) । महाराष्ट्र के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण ने शुक्रवार को मुंबई में कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जादू बरकरार रहा है। उन्हाेंने कहा कि बिहार के मतदाताओं ने कांग्रेस के फेक नैरेटिव को नकार दिया है।
रविंद्र चव्हाण आज मुंबई में स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। उन्हाेंने बिहार में एनडीए की ऐतिहासिक जीत पर प्रधानमंत्री मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, जेडीयू प्रमुख एवं बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और एनडीए के सभी घटक दलों के नेताओं को प्रदेश भाजपा की ओर से हार्दिक अभिनंदन किया। उन्होंने एनडीए को भारी संख्या में मतदान कर विजय दिलाने वाले सभी मतदाताओं के प्रति कृतज्ञता भी प्रकट की।
चव्हाण ने कहा बिहार तो झांकी है, मुंबई अभी बाकी है। उन्हाेंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार ने पिछले कुछ वर्षों में किए गए सशक्त विकासकार्यों के कारण समाज के सभी घटकों का उत्थान हुआ, और इसी कारण बिहार की जनता ने राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन को स्पष्ट जनादेश दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बिहार में दो अंकों तक भी नहीं पहुंच पाई, इसलिए उनकी स्पर्धा अपक्षों के साथ ही रही।
उन्हाेंने कहा कि चुनाव से पहले कांग्रेस द्वारा फैलाया गया ‘फेक नैरेटिव’ जनता ने पूरी तरह नकार दिया है। हर चुनाव से पूर्व झूठा माहौल बनाने की परंपरा राहुल गांधी ने शुरू की थी। बिहार में भी वोट चोरी का मिथ्या नैरेटिव गढक़र मतदाताओं को भ्रमित करने का प्रयास किया गया, लेकिन जनता ने साबित कर दिया कि राहुल गांधी के आरोप निराधार और तथ्यहीन हैं। एसआयआर के आँकड़े पहले ही इन आरोपों को गलत सिद्ध कर चुके थे। बिहार के इन नतीजों से आगामी मुंबई महापालिका चुनाव की दिशा भी स्पष्ट होती दिखाई दे रही है।
उन्हाेंने कहा कि मुंबई की आधारभूत सुविधाओं के विकास हेतु केंद्र सरकार से बड़े पैमाने पर निधि प्राप्त हो रही है तथा मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की दूरदर्शी नेतृत्व क्षमता के कारण मुंबई का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। महाराष्ट्र की भावी पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व वाली महायुति की जीत अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्हाेंने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र सरकार की प्रत्येक लोककल्याणकारी योजना का लाभ ग्राम पंचायत, जिला परिषद, पंचायत समिति तथा नगरपालिका क्षेत्रों के प्रत्येक नागरिक तक पहुँचाने के उद्देश्य से आगामी चुनावों में महाराष्ट्र की जनता अवश्य ही महायुति को अपना आशीर्वाद देगी।
—————
(Udaipur Kiran) यादव