Uttar Pradesh

भगवान बिरसा मुंडा ने धर्मांतरण और अत्याचार के खिलाफ किया था संघर्ष : सूर्य प्रकाश पाल

भाजपा मुरादाबाद जिला व महानगर इकाई के संयुक्त तत्वावधान में बिरसा मुंडा भगवान की 150 वीं जयंती कार्यक्रम को संबोधित करते सूर्य प्रकाश पाल।

मुरादाबाद, 14 नवंबर (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी मुरादाबाद जिला व महानगर इकाई के संयुक्त तत्वावधान में जनजातीय शौर्य की शान धरती आबा बिरसा मुंडा भगवान की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में शुक्रवार को कार्यक्रम आयोजित हुआ। बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे उत्तर प्रदेश पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष सूर्य प्रकाश पाल ने कहा कि आबा बिरसा मुंडा भगवान आदिवासी समाज को संगठित कर धर्मांतरण और अत्याचार के खिलाफ संघर्ष किया था।

सूर्य प्रकाश पाल ने आगे बताया कि उनके आदर्श आज भी देश को नई दिशा प्रदान करते हैं। भाजपा इस पखवाड़े के माध्यम से उनके विचारों और बलिदान को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि धरती आबा बिरसा मुंडा ने स्वतत्रंता संग्राम को स्वाभिमान और स्वदेशी की चेतना दी। स्वराज, स्वदेशी और ग्राम स्वावलम्बन का संदेश दिया। भगवान बिरसा मुंडा ने मंत्र दिया कि अपने धर्म, अपनी धरती और अपने देवता को पहचानों। इस मंत्र के साथ उन्होंने अपने धर्म और संस्कृति की रक्षा का संकल्प लिया।

भाजपा महानगर अध्यक्ष गिरीश भंडूला ने बताया कि बिरसा मुंडा का जन्म 15 नवंबर 1875 को झारखंड के खूंटी जिले के उलिहातू गांव में हुआ था। धरती आबा के नाम से प्रसिद्ध बिरसा मुंडा भारत के आदिवासी समाज के महान क्रांतिकारी नायक थे। भाजपा नेता आकाश पाल ने कहा कि बिरसा मुंडा ने सिर्फ 25 साल की उम्र में अंग्रेजों के खिलाफ एक बड़ा विद्रोह खड़ा किया था और योद्धा बने थे।

(Udaipur Kiran) / निमित कुमार जायसवाल