
रांची, 13 नवंबर (Udaipur Kiran) । झामुमो के महासचिव सह प्रवक्ता विनोद पांडेय ने गुरूवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा कि जो लोग आंदोलन के नाम पर सौदेबाजी करते रहे, वे अब नैतिकता की बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता जानती है कि किसने आंदोलन की आड़ में सत्ता का सौदा किया और किसने संघर्ष की मशाल थामे रखी।
पांडेय ने कहा कि आजसू नेताओं के बयान में तथ्य नहीं, बल्कि निराशा झलकती है। झारखंड में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में बीते छह वर्षों में जनता के हाथ में सरकार की अवधारणा को साकार किया है। शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, महिला सशक्तिकरण, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां प्राप्त हुई हैं। उन्होंने कहा कि आजसू और भाजपा के शासन में झारखंड केवल खनन माफियाओं और ठेकेदारों का अड्डा बन गया था। गांव और गरीब की कोई सुध नहीं ली गई थी। लेकिन झामुमो नेतृत्व वाली सरकार ने अबुआ दिशुम, अबुआ राज की भावना को जमीनी हकीकत बनाया है।
पांडेय ने कहा कि हेमंत सरकार ने झारखंड की दिशा और दशा दोनों को बदलने का काम किया। झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना, सर्वजन पेंशन योजना के तहत बुजुर्ग, विधवा और दिव्यांगों को सम्मान दिलाने, अबुआ आवास योजना के तहत लाखों गरीब परिवारों को छत देने, अबुआ स्वास्थ्य योजना से परिवारों को निःशुल्क इलाज कराने, मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा स्कॉलरशिप और गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड ने युवाओं को ऊंची उड़ान देने समेत अन्य योजनाओं पर कार्य किए हैं। लेकिन आजसू को यह चीजें नहीं दिखती।
—————
(Udaipur Kiran) / Manoj Kumar