Chhattisgarh

मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान का आयुक्त ने किया निरीक्षण

वार्ड में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान का निरीक्षण करती हुई आयुक्त प्रिया गोयल।

धमतरी, 12 नवंबर (Udaipur Kiran) । भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार पूरे छत्तीसगढ़ राज्य में चल रहे विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत धमतरी नगर निगम क्षेत्र में भी कार्य तीव्र गति से जारी है। यह अभियान 4 नवम्बर से प्रारंभ हुआ है, जिसके तहत बूथ लेवल अधिकारी घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र एवं घोषणा प्रपत्र वितरित कर रहे हैं। इसी क्रम में 12 नवंबर काे नगर निगम आयुक्त प्रिया गोयल एवं उपायुक्त पी.सी. सार्वा ने बनियापारा वार्ड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने स्वयं गणना प्रपत्र वितरण की प्रगति देखी और मतदाताओं को पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने वार्ड के बीएलओ को कार्य में और तेजी लाने के निर्देश दिए ताकि अभियान निर्धारित समय सीमा में पूरा हो सके। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत प्रत्येक मतदान केंद्र पर पूर्व-भरे हुए गणना प्रपत्र बीएलओ को उपलब्ध कराए गए हैं, जिन्हें वे घर-घर जाकर मतदाताओं तक पहुंचा रहे हैं। साथ ही नागरिक पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन गणना प्रपत्र भी भर सकते हैं। मतदाता वेबसाइट पर एसआईआर 2003 की मतदाता सूची में अपने या परिवार के सदस्यों के नाम देख सकते हैं। मतदाताओं की सुविधा हेतु हेल्पलाइन 1950 पर कॉल कर जानकारी प्राप्त की जा सकती है। इसके अलावा मोबाइल ऐप के माध्यम से सुविधा का उपयोग कर मतदाता सीधे अपने बूथ लेवल अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं। जिला एवं तहसील स्तर पर स्थापित हेल्प डेस्क में भी गणना प्रपत्र भरने और आवश्यक मार्गदर्शन की सुविधा दी जा रही है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़ के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफार्मों पर भी SIR-2026 से संबंधित उपयोगी जानकारियाँ निरंतर साझा की जा रही हैं। इस अवसर पर आयुक्त प्रिया गोयल ने नागरिकों से अपील की कि वे इस विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेकर त्रुटिरहित और अद्यतन मतदाता सूची के निर्माण में बीएलओ तथा प्रशासन का सहयोग करें।

(Udaipur Kiran) / रोशन सिन्हा