Jharkhand

भाजपा आदिवासी समुदाय के सर्वांगीण विकास और उनके गौरव व सम्मान के लिए प्रतिबद्ध: बाबूलाल

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल प्रेस वार्ता करते
बाबूलाल सहित अन्य

रांची, 12 नवंबर (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) आदिवासी समाज के सर्वांगीण विकास, उनके गौरव और सम्मान बढ़ाने के लिए संकल्पित और समर्पित है। झारखंड में भाजपा के अध्यक्ष और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने बुधवार को प्रेस वार्ता के दौरान ये बातें कही।

मरांडी ने कहा कि बार-बार भाजपा संगठन और भाजपा सरकारों ने इस भाव को धरातल पर उतारा है। झारखंड इस दृष्टि से अग्रणी है। आज विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती वर्षगांठ को ‘राष्ट्रीय जनजाति गौरव दिवस’ घोषित किया, जो यह बताता है कि झारखंड का जनजाति समाज,यहां की भाषा और संस्कृति प्रधानमंत्री मोदी के दिल में बसता है।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि यह जनजाति गौरव दिवस केवल जनजाति समाज का ही सम्मान नहीं, बल्कि झारखंड के साढ़े तीन करोड़ जनता का सम्मान है। इसके पूर्व भी भाजपा की सरकार ने ही श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में अलग झारखंड राज्य का सपना साकार किया। अलग राज्य गठन की तिथि भी भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को ही निर्धारित किया गया। इससे स्पष्ट है कि भाजपा की सरकार झारखंड के अमर बलिदानी महापुरुषों और योद्धाओं की सोच के अनुरूप राज्य का विकास चाहती है। जल, जंगल, जमीन की सुरक्षा, भाषा संस्कृति और परंपरा का सम्मान चाहती है।

बाबूलाल ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार ने ही केंद्र में अलग आदिवासी मंत्रालय बनाया। संथाली भाषा को भारतीय संविधान की 8वीं अनुसूची में शामिल किया और अब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार आदिवासी समाज के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं चला रही है।गरीब कल्याण के लिए चलाई जा रही योजनाओं में आदिवासी समाज की बड़ी आबादी लाभान्वित हो रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना,आयुष्मान भारत योजना, उज्जवला योजना, गरीब कल्याण अन्न योजना का लाभ समाज के लोगों को मिल रहा है। जनजाति गांवों और समाज की उन्नति के लिए मोदी सरकार ने 24 हजार करोड़ रुपये की ‘पीएम जन-मन योजना’ प्रारंभ किया, जिसका बजट बढ़ाकर एक लाख 24 हजार करोड़ कर दिया गया है।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि आदिवासी बच्चों की पढ़ाई के लिए ‘एकलव्य आवासीय विद्यालय योजना’ का विस्तार किया गया है। 2014 से पूर्व 123 एकलव्य विद्यालय थे, जिनकी संख्या ्ढ़कर अब 715 हो गई है। 426 में पढ़ाई-लिखाई चल रही है। यह विद्यालय नवोदय विद्यालय के तर्ज पर है, जिसका बजट 2014 के बाद 278 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 6390 करोड़ रुपये कर दिया गया है। एकलव्य विद्यालयों में आज एक लाख बत्तीस हजार बच्चे पढ़ रहे हैं।

मरांडी ने कहा कि मोदी सरकार में झारखंड सहित पूरे देश के अनेक प्रतिभावान व्यक्तित्व को चुन चुन कर पद्म सम्मान से सम्मानित किया। झारखंड से भी कई लोग पद्मश्री सम्मान से सम्मानित हुए। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जहां अंतिम सांस ली, उस परिसर और कक्ष को भव्य संग्रहालय के रूप में मोदी सरकार ने विकसित किया है। अंडमान निकोबार द्वीप समूह में एक द्वीप का नाम झारखंड के अमर बलिदानी जनजाति सपूत शहीद अल्बर्ट के नाम पर रखा गया है।

उन्होंने कहा कि झारखंड की राज्यपाल रहीं द्रौपदी मुर्मू आज देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद को सुशोभित कर रही हैं। ये जनजाति समाज की पहली महिला राष्ट्रपति हैं। आज उड़ीसा और छत्तीसगढ़ राज्य में पार्टी ने आदिवासी समाज के नेता को मुख्यमंत्री बनाया है। झारखंड की रघुवर दास सरकार ने तो पहाड़िया जनजाति बटालियन का गठन कर हजारों आदिवासी परिवारों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा।

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि भाजपा राष्ट्रीय जनजाति गौरव दिवस को प्रदेश भर में उत्सव के रूप में मनाएगी। 14 और 15 नवंबर को पूरे प्रदेश में भगवान बिरसा मुंडा और जनजाति समाज के शहीदों व महापुरुषों की प्रतिमाओं की सफाई की जाएगी और दीप जलाकर दीपोत्सव मनाया जाएगा।सभी जिलों में शोभा यात्राएं निकाली जाएंगी। जनजातीय स्वाभिमान सम्मेलन आयोजित होंगे, साथ ही संगोष्ठी भी होगी। 15 नवंबर को खूंटी में जनजाति रैली होगी, जिसमें बड़ी संख्या में जनजाति समाज के लोग शामिल होंगे।

प्रेस वार्ता में कार्यक्रम के प्रदेश संयोजक व प्रदेश उपाध्यक्ष विकास प्रीतम, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व सांसद समीर उरांव, प्रदेश जनजाति मोर्चा अध्यक्ष पूर्व विधायक शिवशंकर उरांव, सह मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह उपस्थित थे।

—————

(Udaipur Kiran) / विकाश कुमार पांडे