Madhya Pradesh

राष्ट्रीय पटल पर गूँज रही है मध्य प्रदेश के विकास की धुन: विधानसभा अध्यक्ष तोमर

जिला स्तरीय समारोह

– ग्वालियर में हर्षोल्लास के साथ मध्यप्रदेश स्थापना दिवस समारोह आयोजित, सांस्कृतिक कार्यक्रमों से बरसे मनमोहक लोकरंग

ग्वालियर, 01 नवंबर (Udaipur Kiran) । देश की अपेक्षाओं के अनुरूप मध्यप्रदेश तेजी के साथ विकास पथ पर अग्रसर है। निश्चित ही वर्ष 2047 में आत्मनिर्भर विकसित भारत के निर्माण में मध्यप्रदेश की अग्रणी भूमिका होगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश में हो रहे विकास की धुनि राष्ट्रीय पटल पर भी गूँज रही है। मध्य प्रदेश के साथ ग्वालियर भी विकास के नए आयाम तय कर रहा है।

यह विचार मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने व्यक्त किए। तोमर शनिवार को मध्य प्रदेश के 70वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में ग्वालियर में आयोजित हुए जिला स्तरीय समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इस अवसर पर सभी को मध्य प्रदेश स्थापना दिवस की बधाई व शुभकामनायें दीं। जिला प्रशासन के तत्वावधान में राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय के दत्तोपंत ठेंगड़ी सभागार में आयोजित हुए भव्य स्थापना दिवस समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में ग्वालियर का नाम रोशन कर रहीं विभूतियों को सम्मानित किया गया। साथ ही सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत हितलाभ वितरित किए गए। इस अवसर पर मध्य प्रदेश के वैभव व लोक रंगों पर केन्द्रित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समा बांध दिया। समारोह स्थल पर विभिन्न विभागों की योजनाओं पर केन्द्रित प्रदर्शनी भी लगाई गई थीं। इस अवसर पर रक्तदान शिविर भी लगाया गया। जिसमें सेवाभावी नागरिकों ने बढ़चढ़कर रक्तदान किया।

विधानसभा अध्यक्ष तोमर ने कहा कि मध्य प्रदेश में पिछले सालों में नेशनल हाईवे व स्टेट हाईवे के निर्माण के साथ-साथ ग्रामीण सड़कों का जाल बिछा है। इससे आर्थिक उन्नति को गति मिली है। इसी तरह मध्य प्रदेश बिजली उत्पादन में देश के अग्रणी राज्यों में शुमार है। वर्तमान में प्रदेश में 26 हजार मेगावाट से अधिक विद्युत उत्पादन हो रहा है। सोलर एनर्जी, उन्नत व जैविक खेती, स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई सुविधाओं में क्रांतिकारी प्रगति हुई है। पब्लिक स्कूलों की तर्ज पर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों एवं श्रमिकों के बच्चों के लिये ग्वालियर सहित प्रदेश के अन्य महानगरों में चार श्रमोदय विद्यालय स्थापित किए गए हैं। इसी तरह हर विकासखंड में सांदीपनि स्कूल (सीएम राइज) स्कूल स्थापित किए गए हैं, जो प्रतिष्ठित निजी स्कूलों की तरह आधुनिक शिक्षा सुविधाओं से सुसज्जित हैं। इसी कड़ी में मालनपुर में सैनिक स्कूल निर्माणाधीन है। तोमर ने कहा कि वर्ष 2003 से पहले प्रदेश में मात्र 4 मेडीकल कॉलेज थे, जिनकी संख्या अब बढ़कर 24 हो गई है। मेक इन इंडिया के तहत पहला हथियार कारखाना ग्वालियर के नजदीक मालनपुर में स्थापित हुआ है। रीवा के सोलर प्लांट की तर्ज पर मुरैना में भी विशाल सोलर प्लांट स्थापित होने जा रहा है।

विधानसभा अध्यक्ष तोमर ने यह भी कहा कि स्व-सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं के सशक्तिकरण को बल मिला है। प्रदेश में लाखों लाख महिलायें लखपति दीदी बन चुकी हैं। ग्वालियर सहित सम्पूर्ण प्रदेश में तेजी से औद्योगिक निवेश हो रहा है, जिससे युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं।

सांसद भारत सिंह कुशवाह ने कहा कि वर्ष 2003 से मध्य प्रदेश में लगातार विकास के नए आयाम जुड़ते जा रहे हैं। सड़क, बिजली, पानी के क्षेत्र में क्रांतिकारी काम हुए हैं। वहीं डकैत समस्या का पूरी तरह उन्मूलन हुआ है, जिससे विकास के लिये सकारात्मक वातावरण निर्मित हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में दोनों सरकारें विकसित एवं आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश व देश के निर्माण में जुटी हैं।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी हुआ आयोजन

ग्वालियर में आयोजित हुए स्थापना दिवस समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियों ने मनमोहक रंग बिखेरे। राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय की छात्राओं ने भारतीय शास्त्रीय संगीत की विशिष्ट शैली “तराना” में राग बागेश्वरी व झपताल में कथक नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में इसके बाद महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उमावि की छात्राओं ने अपनी नृत्यमय प्रस्तुति के माध्यम से पूरे मध्यप्रदेश की सैर कराई। इसके बाद राजा मानसिंह तोमर संगीत विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने विश्व विख्यात मैहर वाद्य वृंद की तर्ज पर वाद्य वृंद की प्रस्तुति के माध्यम से “ग्रामोत्सव” को साकार किया। कोयल की कुहू-कुहू व चिड़ियों का कलरव और ग्रामीण समाज में रचे-बसे नृत्य प्रत्य के कामों से निकलने वाली धुनि वाद्य वृंद की प्रस्तुति में साफ झलक रही थी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मौजूद नागरिकों की इस प्रस्तुति को खूब सराहना मिली। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियों का समापन सांदीपनि उमावि पद्मा की प्रस्तुति के साथ हुआ। इस प्रस्तुति में भी मध्यप्रदेश की सांस्कृतिक विविधताओं के दर्शन कराए गए। कार्यक्रम का सामपन राष्ट्रगान के साथ हुआ। सम्पूर्ण कार्यक्रम का संचालन एसबी ओझा द्वारा किया गया।

इन विभूतियों का हुआ सम्मान

जिला स्तरीय स्थापना दिवस समारोह में जिला प्रशासन की ओर से विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर सहित अन्य अतिथियों ने जिले की पाँच विभूतियों को सम्मानित किया। इनमें बैडमिंटन में राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन कर रहे अभिनव शर्मा, स्पोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (साई) में चयनित प्रदेश के पहले बॉक्सर प्रिंस यादव, सबसे कम उम्र में अपने माता – पिता के साथ माउण्ट एवरेस्ट आधार शिविर में पहुँचने का कीर्तिमान बना चुके कंदर्प शर्मा व रितिका शर्मा एवं ममता शर्मा व भूपेंद्र शर्मा, उदयीमान कथक नृत्यांगना डॉली जयेश कुमार एवं देहदान का संकल्प ले चुके अशोक मजूमदार शामिल हैं।

(Udaipur Kiran) तोमर

Most Popular

To Top