
शिमला, 01 नवंबर (Udaipur Kiran) । भारत की सबसे बड़ी भूमिगत जल विद्युत परियोजना नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पॉवर स्टेशन ने एक बार फिर अपनी दक्षता और उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय दिया है। सतलुज जल विद्युत निगम (एसजेवीएन) की इस 1500 मेगावॉट क्षमता वाली परियोजना ने अक्तूबर 2025 में 566.418 मिलियन यूनिट बिजली का उत्पादन कर इतिहास में दूसरा सबसे अधिक मासिक उत्पादन दर्ज किया है। यह उपलब्धि न केवल परियोजना के लिए बल्कि देश की ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
इससे पहले, परियोजना ने वर्ष 2020-21 में 559.484 मिलियन यूनिट बिजली उत्पादन कर दूसरा सबसे ऊँचा रिकॉर्ड बनाया था, जिसे अब इस वर्ष पीछे छोड़ दिया गया है। हालांकि, अक्तूबर माह में अब तक का सर्वोच्च उत्पादन 660.778 मिलियन यूनिट दर्ज है, जो वर्ष 2010-11 में हासिल किया गया था।
परियोजना प्रमुख राजीव कपूर ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि यह सफलता एसजेवीएन प्रबंधन के दूरदर्शी नेतृत्व, निरंतर मार्गदर्शन और सभी कर्मचारियों की कड़ी मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि संचालन एवं अनुरक्षण इकाई तथा नाथपा बाँध प्रबंधन दल ने दिन-रात मेहनत कर उत्पादन प्रक्रिया को सुचारू बनाए रखा, जिसके चलते यह उत्कृष्ट परिणाम संभव हो सका।
कौर ने कहा कि एनजेएचपीएस की टीम ने न केवल तकनीकी दक्षता दिखाई, बल्कि टीम भावना और कार्यनिष्ठा का भी बेहतरीन उदाहरण पेश किया। उन्होंने एसजेवीएन प्रबंधन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग और मार्गदर्शन के बिना यह सफलता संभव नहीं थी।
एसजेवीएन प्रबंधन ने भी परियोजना प्रमुख राजीव कपूर और पूरी एनजेएचपीएस टीम को इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए बधाई दी है। प्रबंधन ने सभी कर्मचारियों के समर्पण, एकजुटता और उत्कृष्ट कार्य क्षमता की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि नाथपा झाकड़ी परियोजना आने वाले समय में भी इसी तरह नए कीर्तिमान स्थापित करती रहेगी।
—————
(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा