मुंबई, 11 नवंबर (Udaipur Kiran) । छात्रों को किसी प्रकार की परेशानी न हो इसलिए मुंबई के चेंबूर में शैक्षणिक परिसर का निर्माण किया जा रहा है। इस परिसर में उच्च व तकनीकी शिक्षा विभाग के अंतर्गत आने वाले मुंबई के सभी महत्पूर्ण कार्यालय होंगे। एक ही स्थान पर सभी कार्यालय होने से छात्रों और नागरिकों को बड़ी सुविधा मिलेगी। उच्च व तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने इस निर्माण कार्य में तेजी लाने और अगले शैक्षणिक वर्ष से पहले सभी कार्यालयों को एक ही स्थान पर शुरू करने का निर्देश दिया है।
शिक्षा मंत्री पाटिल ने सोमवार को चेंबूर में बन रहे नए भवन परियोजना का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि इस शैक्षणिक परिसर के निर्माण के बाद उच्च शिक्षा विभाग की सभी सरकारी सेवाओं में तेजी आएगी। छात्रों और नागरिकों को एक ही स्थान पर सेवाएं व जानकारी मिल सकेंगी। उच्च व तकनीकी शिक्षा विभाग के कुछ महत्वपूर्ण कार्यालय और विभागीय कार्यालय मुंबई में अलग-अलग स्थानों पर हैं। कुछ किराए के परिसर में हैं। इन सभी कार्यालयों को एक ही स्थान पर लाने की पहल की गई है। इस परिसर में रूसा, राष्ट्रीय सेवा योजना, संभागीय संयुक्त निदेशक कार्यालय, शिक्षा शुल्क विनियमन समिति, महा-सार्क और उच्च शिक्षा विभाग के अन्य कार्यालय होंगे।
मंत्री पाटिल ने बताया कि इससे विभागीय कार्यों में समन्वय स्थापित होगा और प्रशासनिक दक्षता बढ़ेगी। साथ ही शैक्षणिक कार्यों को गति मिलेगी। इसके लिए संबंधित विभाग निर्धारित समय सीमा के भीतर निर्माण कार्य पूरा करने के लिए तत्काल कार्यवाही करें। इस मौके पर उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. शैलेंद्र देवलंकर सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
—————
(Udaipur Kiran) / वी कुमार