
रामगढ़, 10 नवंबर (Udaipur Kiran) । रामगढ़ जिले के रांची रोड में रहने वाली एक महिला ने अपने पिता की सारी संपत्ति हड़पने के लिए उनका फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनवा दिया। यह मामला तब उजागर हुआ जब बहू और बेटे ने जांच पड़ताल शुरू की तब पता चला कि बाप की संपत्ति हड़पने के लिए बेटी ने ही फर्जी प्रमाणपत्र बनवा लिया था। इस गोरखधंधे में बेटी का साथ उसके पति ने दिया। सदर थाने में सोमवार को इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। रश्मि कुमारी ने अपनी ननद अल्का शर्मा और उनके पति राकेश शर्मा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
चेन्नई मे मरे व्यक्ति का रामगढ़ में बना फर्जी दस्तावेज
रश्मि कुमारी ने पुलिस को बताया कि उनके ससुर अनिल कुमार शर्मा का निधन 27 अप्रैल 2022 को चेन्नई में हुआ था। वे कैंसर से पीड़ित थे और वहीं इलाजरत थे। उनके निधन के बाद अनिल शर्मा की बेटी अल्का शर्मा और दामाद राकेश शर्मा ने रामगढ़ सदर अस्पताल से फर्जी दस्तावेज तैयार किया। फर्जी मृत्यु प्रमाण-पत्र के सहारे उन लोगों ने अनिल कुमार शर्मा की सारी चल अचल संपत्ति और आइसीआइसीआइ म्युचुअल फंड का सारा यूनिट अपने नाम करा लिया।
आरटीआई से खुला पूरा माजरा
रश्मि कुमारी अपने पति रंजन कुमार शर्मा के साथ चेन्नई में ही रहती है। उन्हें घटना के 3 साल के बाद गोरखधंधे का पता चला। उन्होंने छानबीन शुरू की तो सारा माजरा सामने आ गया। उन्होंने रामगढ़ सदर अस्पताल में आरटीआई से मृत्यु प्रमाण की जानकारी हासिल की। आरटीआई से उन्हें पता चला कि रजिस्ट्रेशन डी-2022: 10-90347-005216 पंजीकरण 17 मई 2022 अस्पताल प्रबंधन की ओर से जारी ही नहीं की गई है। रामगढ़ पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई कर रही है।
—————
(Udaipur Kiran) / अमितेश प्रकाश