
रांची, 10 नवंबर (Udaipur Kiran) । भाजपा देश की संवैधानिक व्यवस्था को वोट चोरी के जरिए हाईजैक कर रही है। कांग्रेस पार्टी ने देश के समक्ष वोट चोरी को उजागर किया है। पार्टी के नेता राहुल गांधी ने पूरे सबूत के साथ जाली मतदाता, जोड़े गए जाली मतदाता, हटाए गए आम मतदाता, फर्जी पते सहित सभी की सूची को जनता के बीच रखा है।
यह बातें प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी के राजू ने कांग्रेस भवन में सोमवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कही।
उन्होंने कहा कि हरियाणा में दाे करोड़ मतदाताओं में से लगभग 25 लाख फर्जी मतदाता पाए गए हैं। लोकतंत्र में मतदान का अधिकार संवैधानिक अधिकार है जो लोकतंत्र की मजबूती के लिए जनता को दिया गया है। झारखंड में मतदाताओं के बीच इस मुद्दे पर जागरूकता फैलाने के लिए हस्ताक्षर अभियान चलाया गया जिसमें लगभग 16 लाख आम जनता के हस्ताक्षर संग्रहित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य चुनाव सुधार के लिए भारत निर्वाचन आयोग से पांच मांगों पर कार्रवाई करने को लेकर है। इसमें प्रमुख रूप से स्पष्ट मतदाता सूची फोटो सहित देना ताकि इससे मतदाता, उसके आवास, मतदाता का संपूर्ण विवरण पता चल सके और वोटर लिस्ट को स्कैन किया जा सके।
चुनाव आयोग ने इस प्रक्रिया को बंद कर दिया, जिसका मुख्य उद्देश्य भाजपा को मौका देना था। ताकि केंद्रित तरीके से फर्जी मतदाताओं को जोड़ने और कांग्रेस समर्थित मतदाताओं को हटाने एवं एक ही व्यक्ति का अनेक जगहों पर नाम जोड़ना था।
के राजू ने कहा कि चुनाव आयोग हटाए या जोड़े गए मतदाताओं की सूची समय पर प्रकाशित करे ताकि राजनीतिक दल या उम्मीदवार पूरी छानबीन कर मतदाताओं का अधिकारों की सुरक्षा कर सके।
चोर गद्दी छोड़ अभियान रहा संतोषजनक : कमलेश
वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि चुनाव में वोट चोरी के खिलाफ राष्ट्रीय स्तर पर वोट चोर गद्दी छोड़ के तहत हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। 15 सितंबर से 15 अक्टूबर तक अभियान की तिथि तय थी, लेकिन अभियान की व्यापकता को देखते हुए इसे 10 दिन आगे बढ़ाया गया। इस दौरान कई पर्व त्यौहार आये फिर भी विभिन्न जिला अध्यक्ष, विधायक और सांसदों की ओर से चलाया गया अभियान संतोषजनक है। झारखंड से भी कई बड़े राज्य हैं लेकिन उन राज्यों से भी ज्यादा हस्ताक्षर झारखंड में संग्रह किया गया है। झारखंड में 16 लाख हस्ताक्षर संग्रहित किया गया है। हम इससे ज्यादा हस्ताक्षर कर सकते थे लेकिन सांगठनिक प्रक्रियाओं के तहत अधिकांश जिला अध्यक्षों के चयन प्रक्रिया के कारण अभियान में अंतिम समय में शिथिलता आई जिससे हम अपने तय लक्ष्य तक नहीं पहुंच सके।
मौके पर सह प्रभारी सीरिवेल्लाभ प्रसाद, कांग्रेस विधायक दल नेता प्रदीप यादव, उप नेता राजेश कच्छप, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय, पूर्व राज्यसभा सांसद प्रदीप कुमार बलमुचु, ममता देवी, सुरेश बैठा सहित पार्टी के अन्य नेता उपस्थित थे।
—————
(Udaipur Kiran) / Vinod Pathak