
रांची, 10 नवंबर (Udaipur Kiran) । सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, धुर्वा में सोमवार को विद्यालय स्तरीय विज्ञान मेला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित विनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय, धनबाद के पूर्व कुलपति डॉ अंजनी कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि विज्ञान वर्तमान ही नहीं, भविष्य की भी नींव है। विज्ञान के बिना विश्व की कल्पना असंभव है।
उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि देश में ज्ञान प्राप्त कर विदेशों में सेवा देने से बेहतर है कि हम अपने देश की सेवा करें। भारत को नवाचार के साथ-साथ उद्यमशीलता की दिशा में आगे बढ़ना होगा, तभी सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव है।
कार्यक्रम में सैकड़ों विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, अक्षय ऊर्जा, जल प्रबंधन, विज्ञान और प्रौद्योगिकी के नवीन प्रयोग जैसे विषयों पर आकर्षक वैज्ञानिक मॉडल प्रस्तुत किया, जिनकी सभी ने सराहना की।
विद्यालय के मंत्री अखिलेश्वर नाथ मिश्र ने कहा कि ऐसे आयोजन से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच और सृजनशीलता को बढ़ावा देते हैं। प्राचार्य ललन कुमार ने अतिथियों का स्वागत और परिचय कराया, जबकि आचार्या मंजू चौबे ने विज्ञान मेला की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला।
मौके पर एस वेंकट रमन, महावीर सिंह, डॉ उमाशंकर शर्मा, लाल अशोक नाथ शाहदेव, आशीष नाथ शाहदेव, नर्मदेश्वर मिश्र, विनोद कुमार और उप प्राचार्या मीना कुमारी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और शिक्षक मौजूद थे।
—————
(Udaipur Kiran) / Manoj Kumar