

अमेठी, 31 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश सरकार के चिकित्सा शिक्षा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने कहा कि “2027 ही नहीं, बल्कि आने वाले 50 वर्षों तक भाजपा ही देश की राजनीति में अग्रणी रहेगी। इस दाैरान समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस पर हमला बाेला।
सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर अमेठी में आयोजित “रन फॉर यूनिटी” कार्यक्रम में राज्य मंत्री शामिल हुए थे। यहां पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि सपा नेताओं को खुद यह नहीं पता कि पीडीए का मतलब क्या है। अगर आप सपा के किसी भी नेता से पीडीए का मतलब पूछेंगे तो वह ‘ए’ का मतलब भी नहीं बता पाएंगे, क्योंकि हर दो महीने में इसका अर्थ बदल जाता है। पीडीए का कहीं पर कुछ भी नहीं है।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का अब भारतीय राजनीति में कोई स्थान नहीं रह गया है। वह सिर्फ पिकनिक मनाने आते हैं। तीन-चार दिन राजनीति करते हैं और फिर छुट्टी पर चले जाते हैं। देश की जनता अब उन्हें गंभीरता से नहीं लेती। जबकि भारतीय जनता पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता पूरी मुस्तैदी से जनता की सेवा में जुटा हुआ है। भाजपा का संगठन मजबूत है और जनता के बीच उसकी पकड़ अटूट है।
सरदार पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए मंत्री ने कहा कि हम सब आज उस लौहपुरुष को नमन कर रहे हैं, जिन्होंने 550 से अधिक रियासतों का एकीकरण कर भारत को अखंड बनाया। जिस भारत का मानचित्र हम आज देखते हैं, वह सरदार पटेल की दूरदृष्टि और दृढ़ निश्चय का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर एकमात्र ऐसी रियासत थी, जिसे नेहरू ने अपने पास रख ली थी। अगर वह रियासत भी सरदार पटेल को दी गई होती तो आज उसका स्वरूप और भी बेहतर होता। लेकिन आज गर्व की बात है कि पूरा भारत एक राष्ट्र के रूप में खड़ा है और एकता की भावना पूरे देश में व्याप्त है।
मंत्री ने कहा कि सरदार पटेल भले ही कांग्रेस में रहे हों लेकिन कांग्रेस पार्टी ने कभी उन्हें उचित सम्मान नहीं दिया। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरा देश सरदार पटेल की जयंती को एकता दिवस के रूप में मना रहा है। कश्मीर से कन्याकुमारी तक देश एक है और यह सरदार पटेल के सपनों का भारत है।
—————
(Udaipur Kiran) / लोकेश त्रिपाठी