
भाेपाल, 9 नवंबर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के पचमढ़ी में जारी कांग्रेस के “संगठन सृजन प्रशिक्षण शिविर” के आठवें दिन आज रविवार काे सत्र की शुरुआत प्रातः झंडा वंदन और सामूहिक व्यायाम के साथ हुई। जिलाध्यक्षों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए दिन की शुरुआत संगठनात्मक अनुशासन और एकजुटता के साथ की।
प्रथम सत्र में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह ने प्रतिभागियों को “वर्तमान राजनीतिक चुनौतियां, सांप्रदायिक संगठन और कांग्रेस मिशन 2028” विषय पर संबोधित किया। इसके उपरांत वॉर रूम प्रभारी शशिकांत सेंथिल ने पंचायत स्तर तक संगठन विस्तार की रणनीति पर चर्चा की और आंदोलनात्मक एवं रचनात्मक विषय पर अपना उद्बोधन दिया। अगले सत्र में राज्यसभा सांसद एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष अशोक सिंह ने संगठन विस्तार और जन सहयोग के विषय पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का संगठन तभी सशक्त होगा जब हर कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं से सीधे जुड़ेगा और उनके समाधान के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।
आज के सत्र में प्रशिक्षण के राष्ट्रीय प्रभारी सचिन राव, प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश सह प्रभारी संजय दत्त, सह प्रभारी रणविजय सिंह लोचन, मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रशिक्षण प्रभारी महेंद्र जोशी, प्रदेश संगठन उपाध्यक्ष सुखदेव पांसे, मतदाता सूची सह प्रभारी इरफान खान, तथा मतदाता सूची सह प्रभारी प्रोमिल मित्रा उपस्थित रहे। सत्र का समापन सामूहिक चर्चा और आगामी कार्यक्रम की रूपरेखा के निर्धारण के साथ हुआ।
—————
(Udaipur Kiran) / नेहा पांडे