Uttar Pradesh

वाराणसी: सोमेश कुमार ने बरेका के महाप्रबंधक का अतिरिक्त कार्यभार संभाला

सोमेश कुमार

— दक्षिण रेलवे में संरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए पहचान,अतिरिक्त सदस्य ट्रैक्शन,रेलवे बोर्ड के रूप में दे रहे अपनी सेवाएं

वाराणसी,30 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । भारतीय रेल सेवा के इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग कैडर के 1987 बैच के वरिष्ठ एवं अनुभवी अधिकारी सोमेश कुमार ने गुरूवार को यहां बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के महाप्रबंधक का अतिरिक्त कार्यभार संभाल लिया। वर्तमान में वे रेलवे बोर्ड,नई दिल्ली में अतिरिक्त सदस्य (ट्रैक्शन) के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

सोमेश कुमार ने वर्ष 1991 में झांसी मंडल में सहायक विद्युत इंजीनियर (सामान्य) के रूप में भारतीय रेल सेवा में अपना करियर प्रारंभ किया था। लगभग 34 वर्षों की उत्कृष्ट सेवा अवधि में उन्होंने रेलवे के अनेक महत्त्वपूर्ण पदों पर कार्य करते हुए अपनी अद्वितीय नेतृत्व क्षमता और तकनीकी दक्षता का परिचय दिया है। उन्होंने झांसी,बरेका,भोपाल,नागपुर,अंबाला,लखनऊ,सिकंदराबाद एवं चेन्नई जैसे प्रमुख जोनल रेलवे और उत्पादन इकाइयों में भी अपने कार्यो से उल्लेखनीय योगदान दिया है।

— दक्षिण मध्य रेलवे,सिकंदराबाद में ऊर्जा संरक्षण में उल्लेखनीय उपलब्धियां

बरेका के जनसम्पर्क कार्यालय के अनुसार प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर, दक्षिण मध्य रेलवे, सिकंदराबाद के रूप में सोमेश कुमार के कार्यकाल में, दक्षिण मध्य रेलवे को राष्ट्रीय स्तर पर चार ऊर्जा संरक्षण पुरस्कार प्राप्त हुए। जो किसी भी क्षेत्रीय रेलवे द्वारा प्राप्त सर्वाधिक थे। इसके अतिरिक्त विभिन्न मंडलों को पांच राज्य स्तरीय और छह सीआईआई पुरस्कार भी प्राप्त हुए।

— नागपुर मंडल में उत्कृष्ट प्रशासनिक प्रदर्शन

मंडल रेल प्रबंधक, नागपुर के रूप में, उनके कार्यकाल में मंडल ने रेलवे सप्ताह 2018-19 में 7 शील्ड और 2019-20 में 8 शील्ड प्राप्त कीं। साथ ही, माल लदान में वृद्धि के लिए उन्हें रेलवे बोर्ड द्वारा विशेष प्रशंसा पत्र भी प्रदान किया गया। प्रमुख मुख्य संरक्षा अधिकारी, दक्षिण रेलवे, चेन्नई के कार्यकाल में उनके नेतृत्व में व्यापक सुरक्षा ऑडिट एवं सेफ्टी ड्राइव संचालित किए गए, जिसके परिणामस्वरूप उस अवधि में दक्षिण रेलवे में कोई गंभीर दुर्घटना नहीं हुई। इसी तरह प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर,दक्षिण रेलवे के रूप में उन्होंने 100 फीसद विद्युतीकरण और क्रू प्रबंधन प्रणाली के सुदृढ़ीकरण में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई। विशेष उल्लेखनीय तथ्य यह है, कि सोमेश कुमार मार्च 2005 से नवंबर 2011 तक बरेका में उप मुख्य डिजाइन इंजीनियर (ई.एम.) के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

(Udaipur Kiran) / श्रीधर त्रिपाठी

Most Popular

To Top