Uttrakhand

आंगन से अंतरिक्ष तक बेटियां लहरा रहीं हैं परचम: विजया रहाटकर

राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ग्राफिक एरा में आयोजित कार्यक्रम में।

देहरादून, 30 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने कहा कि आंगन से लेकर अंतरिक्ष तक भारत की बेटियां आज अपनी प्रतिभा, साहस और संकल्प का परचम लहरा रही हैं। नया भारत उन बेटियों का भारत है, जो सपनों को हकीकत में बदलने का हौसला रखती हैं।

राष्ट्रीय महिला आयाेग की अध्यक्ष रहाटकर गुरुवार काे ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी के सिल्वर जुबली कन्वेंशन सेंटर में आयाेजित कैंपस कॉलिंग कार्यक्रम को संबोधित कर रही थी। समारोह में ग्राफिक एरा ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूशन की वाइस चेयरपर्सन डाॅ. राखी घनशाला को राष्ट्रीय महिला आयोग की ओर से सम्मानित भी किया गया। इस दौरान रहाटकर ने कहा कि भारत विश्व का सबसे युवा देश है और यही युवा राष्ट्र की दिशा और दशा तय करते हैं। उन्होंने कहा कि यदि हमारा युवा जागरुक होगा तो ही हमारा भविष्य सुरक्षित और स्वर्णिम होगा। विजया ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए बनाए गए कानून की जानकारी हर नागरिक तक पहुंचना बेहद जरूरी है। डोमेस्टिक वायलेंस एक्ट और साइबर क्राइम एक्ट जैसे कानून की जानकारी का अभाव ही अक्सर लोगों को नुकसान पहुंचता है।

कार्यक्रम में राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने कहा कि भारत की महिलाएं केवल प्रेरणा नहीं परिवर्तन की पहचान बन चुकी हैं, जो बड़े-बड़े पदों पर कार्य कर अपने परिश्रम, क्षमता और नेतृत्व से पूरे विश्व में भारत का गौरव बढ़ा रही है। उत्तराखंड की महिलाओं का उल्लेख करते हुए उन्हाेंने कहा कि उत्तराखंड की नारी फूल नहीं चिंगारी है, जो कठिन परिस्थितियों में भी संघर्ष, धैर्य और साहस का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आत्मरक्षा, शिक्षा और जागरूकता, महिला सशक्तिकरण के तीन सबसे बड़े स्तंभ हैं और इन पर काम करना हम सब की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण केवल नारों या योजनाओं तक सीमित ना रहे बल्कि यह प्रत्येक घर और विचार में समाहित होना चाहिए। कार्यक्रम में आयोजित विविध सत्रों में छात्र-छात्राओं को साइबर क्राइम, महिला सुरक्षा और महिला सशक्तिकरण जैसे समजोपयोगी विषयों की गहन जानकारी दी गई। छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनों, संवैधानिक अधिकारों और सुरक्षा उपायों और स्वयं की रक्षा की व्यवहारिक तरीकों से भी अवगत कराया गया। इन सत्रों ने न केवल युवाओं को कानूनी दृष्टि से सजग बनाया बल्कि उनमें यह भावना भी विकसित की। शिक्षित और जागरूक युवा ही सुरक्षित और संवेदनशील समाज की नींव रखता है।

ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी और राष्ट्रीय महिला आयोग के संयुक्त तत्वावधान में यह पहल की गई। कार्यक्रम में यूनिवर्सिटी के प्रो चांसलर डाॅ. राकेश शर्मा, कुलपति डाॅ. नरपिंदर सिंह, प्रो वीसी डाॅ. संतोष एस. सर्राफ, कुलसचिव डाॅ. नरेश कुमार शर्मा, डीन ऑफ स्कूल ऑफ लॉ डाॅ. डेजी अलेक्जेंडर, हेड ऑफ हॉस्पिटैलिटी मैनेजमेंट डिपार्टमेंट डाॅ. अमर डबराल के साथ राष्ट्रीय महिला आयोग के मीडिया एडवाइजर शिवम गर्ग अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं शामिल रहे। कार्यक्रम का संचालन डाॅ. भारती शर्मा ने किया।

(Udaipur Kiran) / राजेश कुमार

Most Popular

To Top