Haryana

गुरुग्राम: हर वर्ष विश्वभर में 1.2 करोड़ से अधिक लोग स्ट्रोक से होते हैं प्रभावित: डा. काजल कुमुद

गुरुग्राम के सिविल अस्पताल सेक्टर-10 में विश्व स्ट्रोक दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में मौजूद स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी।

-विश्व स्ट्रोक दिवस पर सिविल अस्पताल में जन-जागरूकता कार्यक्रम

-स्ट्रोक से बचाव और समय पर उपचार के महत्व के बारे में किया जागरूक

गुरुग्राम, 30 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । स्ट्रोक विश्वभर में विकलांगता का प्रमुख कारण है। हर वर्ष विश्वभर में 1.2 करोड़ से अधिक लोग स्ट्रोक से प्रभावित होते हैं। भारत में इसकी औसत दर एक लाख की आबादी पर लगभग 145 मामलों की है। विशेषज्ञों ने यह जानकारी विश्व स्ट्रोक दिवस पर गुरुवार को नागरिक अस्पताल में आयोजित कार्यक्रम में दी।

विश्व स्ट्रोक दिवस के अवसर पर गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग गुरुग्राम की ओर से सेक्टर-10 सिविल अस्पताल में एक जन-जागरुकता कार्यक्रम डीसी अजय कुमार के मार्गदर्शन तथा सिविल सर्जन डॉ. अलका सिंह के निर्देशन में आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य लोगों को स्ट्रोक के लक्षणों, समय पर पहचान एवं उपचार के महत्व के बारे में जागरूक करना था। कार्यक्रम के दौरान बिफास्ट तकनीक का प्रदर्शन किया गया, जिसके माध्यम से उपस्थित लोगों, मरीजों तथा स्वास्थ्य कर्मियों को स्ट्रोक की पहचान के आसान तरीकों के बारे में बताया गया। डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. प्रिया शर्मा ने उपस्थित लोगों को स्वस्थ आहार, नियमित व्यायाम और जीवनशैली में सुधार के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन आदतों को अपनाकर स्ट्रोक जैसी गंभीर बीमारियों से काफी हद तक बचाव संभव है।

सिविल अस्पताल की फिजिशियन डॉ. काजल कुमुद ने स्ट्रोक के कारणों, रोकथाम, उपचार एवं समय पर चिकित्सा हस्तक्षेप के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि लगभग 90 प्रतिशत स्ट्रोक से बचाव संभव है यदि लोग उच्च रक्तचाप, धूम्रपान, मधुमेह, मोटापा और शारीरिक निष्क्रियता जैसे जोखिम कारकों को नियंत्रित करें। कार्यक्रम के दौरान लोगों की ब्लड प्रेशर स्क्रीनिंग की गई और स्वास्थ्य संबंधी शैक्षणिक सामग्री भी वितरित की गई। योग विशेषज्ञ डॉ. अजीत सोलंकी द्वारा योग सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें स्ट्रोक की रोकथाम के लिए योग के फायदों के बारे में बताया गया। डाइटिशियन चारु ने संतुलित आहार और पोषण संबंधी जानकारी साझा की। कार्यक्रम में एनसीडी टीम सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

(Udaipur Kiran)

Most Popular

To Top