
जींद, 9 नवंबर (Udaipur Kiran) । बैरागी धर्मशाला में शनिवार रात उस समय हडकंप मच गया जब हर्ष फायरिंग में गोली लगने से एक युवक घायल हो गया। घायल युवक को शहर के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घटना की सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। घायल युवक के हालात खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
बैरागी धर्मशाला में शनिवार रात को विवाह का आयोजन किया था और भिवानी से बारात आई हुई थी। बाराती डीजे पर नाच रहे थे और इसी दौरान किसी बाराती ने अपने पास मौजूद असलहा से हर्ष फायर कर दिया। जिसमें गोली पास ही बारातियों द्वारा उडाए जा रहे नोटों को चुग रहे राम कालोनी निवासी 18 वर्षीय वकील को जा लगी। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
मौके पर मौजद लोगों द्वारा वकील को शहर के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। घटना की सूचना पाकर सिविल लाइन थाना प्रभारी तथा सीआईए स्टाफ कर्मी मौके पर पहुंच गए और स्थिति का जायजा लिया। घायल युवक के हालात खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। रविवार को सिविल लाइन थाना प्रभारी पूजा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। मामले की जांच की जा रही है।
—————
(Udaipur Kiran) / विजेंद्र मराठा